13 नवंबर का इतिहास: Paris Terror Attack में मारे गए थे 130 लोग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

13 के अंक को आम तौर पर मनहूस माना जाता है, यही वजह है कि लोग 13 नंबर से बचते हैं। नयी बसाई जाने वाली बस्तियों में ऊंची इमारतों में 13 नंबर का फ्लोर और 13 नंबर का सेक्टर न बनाने का भी चलन है। यह और बात है कि जिन लोगों का जन्मदिन 13 नवंबर को होता है, वह उसे पूरी धूमधाम से मनाते हैं। इतिहास की बात करें तो इस तारीख पर बहुत सी अच्छी बुरी घटनाएं दर्ज हैं। फ्रांस में इस दिन एक दुखद घटना घटी है। 2015 में 13 नवंबर को आतंकवादियों ने पेरिस को निशाना बनाया और फ्रांस के इस खूबसूरत राजधानी शहर के सीने पर कई जख्म दिए। आतंकवादियों ने तीन जगह बड़े हमलों को अंजाम दिया, जिनमें कम से कम 130 लोगों की मौत हुई और 400 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सबसे घातक हमला बातेक्लां थिएटर और कंसर्ट हॉल पर किया गया, जहां आतंकवादियों ने 100 से ज्यादा लोगों को घेरकर उनपर गोलियां बरसा दीं। यहां 80 से ज्यादा लोगों की जान गई। इसके अलावा दो रेस्तरां और एक स्टेडियम को भी निशाना बनाया गया था। इस दौरान गोलीबारी के साथ-साथ विस्फोट भी किए गए।

देश दुनिया के इतिहास में 13 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1780 : पंजाब के महाराजा रणजीत सिंह का गुजरांवाला में जन्म। यह स्थान अब पाकिस्तान में है। 1909 : अमेरिका के इलिनॉय प्रांत की चेरी कोयला खदान में आग लगने से 259 लोगों की मौत हो गई। 1965 : यात्री जहाज एसएस यारमाउथ कैसल में भीषण आग लगने और डूबने से 90 लोगों की मौत हुई थी। हादसे के समय जहाज के साथ 87 लोग डूब गए थे। गंभीर रूप से झुलसे तीन अन्य यात्रियों ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया था। 1969 : लंदन के एक अस्पताल में एक महिला ने पांच बच्चों को जन्म दिया। क्वीन कार्लेट अस्पताल में शताब्दी में पहली बार एक साथ पांच बच्चों का जन्म। 1971 : अमेरिका के अंतरिक्ष यान मैरियर-9 ने मंगल ग्रह का चक्कर लगाया। यह पहला मौका था, जब पृथ्वी से भेजे गए किसी यान ने किसी दूसरे ग्रह का चक्कर लगाया। करीब एक महीने बाद वैज्ञानिकों को मंगल ग्रह की साफ़ तस्वीरें दिखाई दीं। 1979 : एक साल तक बंद रहने के बाद ‘टाइम्स’ अखबार का प्रकाशन फिर से शुरू हुआ। दरअसल नई प्रौद्योगिकी की शुरुआत और अन्य मुद्दों पर प्रबंधन तथा यूनियनों के बीच विवाद के चलते अखबार का प्रकाशन रोक दिया गया था। 1985 : कोलंबिया में ज्वालामुखी फटने से आर्मेरो शहर पूरी तरह तबाह हो गया और 23,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। 1997 : सुरक्षा परिषद ने इराक पर यात्रा प्रतिबंध लगाए। 1998 : तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा और अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने मुलाकात की। चीन के भारी विरोध के बावजूद यह मुलाकात तय कार्यक्रम के अनुसार हुई। 2015 : आतंकवादियों ने पेरिस पर घातक हमला किया। 130 लोगों की मौत, 400 से ज्यादा घायल। 2021 : इक्वाडोर की सबसे बड़ी जेल लिटोरल पेनीटेंटियरी में हुई झड़पों में 52 कैदियों की मौत। 2023 : सोमालिया में आई बाढ़ में 31 लोगों की मौत। 2024 : इजराइल के हवाई हमले में गाजा में 46 लोगों की मौत, लेबनान में 33 लोग मारे गए। 2025 : भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने हांगकांग की एनजी ऑन यी को 3-2 से हराकर आईबीएसएफ विश्व स्नूकर (15 रेड) का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं।

प्रमुख खबरें

Baghpat Encounter: राष्ट्रपति भवन के सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने वाले दो इनामी बदमाश अरेस्ट

Imphal West में जबरन वसूली के आरोप में UNLF-P सदस्य गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद

Juhi Chawla का 59वां जन्मदिन, Miss India से भारत की सबसे अमीर एक्ट्रेस बनने का सफर

13 नवंबर को नहाय खाय से Chhath Puja शुरू, 17 नवंबर को उषा अर्घ्य से होगा समापन