Odisha: तीन ट्रेनों की भीषण टक्कर, 50 लोगों की मौत, 350 से ज्यादा घायल

By अंकित सिंह | Jun 02, 2023

ओडिशा के बालासोर में तीन ट्रेनों की भयंकर टक्कर में लगभग 50 लोगों की मौत हो गई है वहीं 350 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। रेलवे की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। वहीं राज्य सरकार भी लगातार इसको लेकर सक्रिय नजर आ रही है। घायलों में कुछ की हालत बेहद ही गंभीर है। कुछ घायलों को लगातार इलाज के लिए बेहतर अस्पतालों में भेजा गया है जबकि कम घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में फिलहाल भर्ती कराया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ओडिशा के लिए रवाना हो चुके हैं। वही वह पूरी घटना पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ,उपराष्ट्रपति जगदीप  धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम बड़े नेताओं ने इस पर दुख व्यक्त किया है। रेलवे की ओर से मृतकों के परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान किया जा चुका है वहीं घायलों का इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। फिलहाल इस खबर के बाद से रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मृतकों के परिवार को ₹1000000 दिए जाएंगे तो वही घायलों को ₹50000 दिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है तो वहीं कई ट्रेनों को कैंसिल भी कर दिया गया है। हाल के वर्षों में इसे सबसे बड़ा रेल हादसा बताया जा रहा है।

 

 

ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार शाम कोरोमंडल एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके बाद यह दूसरी लाइन पर सामने से आ रही एक अन्य ट्रेन से टकरा गई अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा शाम को करीब 7.20 बजे बाहानगा बाजार स्टेशन पर तब हुआ जब कोरोमंडल एक्सप्रेस कोलकाता के नजदीक शालीमार स्टेशन से चेन्नई सेंट्रल जा रही थी। ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने कहा कि 132 घायलों को सोरो, गोपालपुर और खांटापाड़ा स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जबकि 47 लोगों को बालासोर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बालासोर जिले के अधिकारियों ने बताया कि हादसे में करीब 50 लोगों के मारे जाने की आशंका है।

 

पटरी से उतरे डिब्बों में कई लोग फंस गए और स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए आपातकालीन सेवा कर्मियों की मदद कर रहे थे, लेकिन अंधेरा होने की वजह से अभियान में दिक्कतें आईं। अधिकारियों ने कहा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने विशेष राहत सचिव सत्यव्रत साहू और राजस्व मंत्री प्रमिला मलिक को दुर्घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना राहत ट्रेन को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएएफ) की चार टुकड़ियां, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तीन टुकड़ियां और 60 एंबुलेंस घायलों को बचाने के काम में जुटी हैं। दुर्घटना के मद्देनजर ओडिशा सरकार और रेलवे ने हेल्पलाइन की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह दुर्घटना से व्यथित हैं, और स्थिति का जायजा लेने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की है। उन्होंने कहा, ‘‘ओडिशा में ट्रेन हादसे से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है।

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।’’ पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव एच के द्विवेदी ने कहा कि राज्य सरकार मंत्री मानस भुइयां और सांसद डोला सेन के नेतृत्व में एक टीम मौके पर भेज रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ निजी रूप से स्थिति की निगरानी कर रही हैं। बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ओडिशा सरकार और दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ समन्वय कर रही है।

प्रमुख खबरें

Vastu Tips: घर की नकारात्मक ऊर्जा को खत्म करने के लिए रोजाना करें ये काम, घर आएगी सुख-समृद्धि

Shaniwar Vrat Vidhi: इस दिन से शुरू करना चाहिए शनिवार का व्रत, शनि की ढैय्या और साढ़ेसाती से मिलेगी मुक्ति

चार करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों की बिक्री मार्च तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़ीः CBRE

Chhattisgarh : ED ने चावल घोटाले में मार्कफेड के पूर्व MD Manoj Soni को किया गिरफ्तार