नयी लाशें बिछाने के लिए गड़े मुर्दे उखाड़ दिए, वह भी औरंगजेब के नाम पर : संजय राउत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 21, 2025

राज्यसभा में शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) सदस्य संजय राउत ने औरंगजेब की कब्र का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मणिपुर के बाद अब महाराष्ट्र जल रहा है और नागपुर में दंगे हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों में से कुछ महाराष्ट्र सरकार में मंत्री हैं और कुछ केंद्र सरकार में वरिष्ठ पदों पर बैठे हैं। राउत ने मुगल बादशाह की कब्र का जिक्र करते हुए आरोप लगाया, ‘‘नयी लाशें बिछाने के लिए गड़े मुर्दे उखाड़ दिए और वह भी औरंगजेब के नाम पर। आपको औरंगजेब की कब्र तोड़नी है तो आपको किसने रोका है।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि अब तक मणिपुर जल रहा था, लेकिन अब महाराष्ट्र भी जल रहा है। राउत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्वाचन क्षेत्र में हुए ‘‘दंगों’’ का जिक्र किया।

उन्होंने कहा ‘‘पिछले 300 वर्षों में नागपुर में कोई दंगा नहीं हुआ। यह नागपुर का रिकॉर्ड रहा है।’’ उन्होंने कहा ‘‘अगर औरंगजेब का नाम लेकर बार-बार देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वाली शक्तियां, उनमें से कुछ महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और केंद्र सरकार में वरिष्ठ पदों पर हैं...अगर हम उन्हें नहीं रोकेंगे, तो यह देश एकजुट और एकीकृत नहीं रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना गृह मंत्रालय का काम है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में देश को ‘पुलिस राज्य’ में बदल दिया गया है और गृह मंत्रालय राजनीतिक विरोधियों को कमजोर कर रहा है और राजनीतिक दलों को तोड़ रहा है।

छत्रपति संभाजीनगर जिले में औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन के दौरान पवित्र आयत लिखी चादर जलाने की अफवाहों के बाद सोमवार शाम नागपुर के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं।

सोमवार को नागपुर में हुई हिंसा के दौरान पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रैंक के तीन अधिकारियों सहित 33 पुलिस कर्मी घायल हो गए। नागपुर की एक अदालत ने मामले में 17 आरोपियों को 22 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान और पांच अन्य पर देशद्रोह और सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

प्रमुख खबरें

Venezuela Earthquakes | 32 की मौत- 700 से ज्यादा घायल, पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक, बोले- संकट में हर संभव मदद को तैयार है भारत

Prabhasakshi NewsRoom: Indira Gandhi ने क्यों लगाई थी Emergency? Congress ने क्यों आधी रात को छीन लिये थे नागरिकों के सारे अधिकार?

Pune Murder Mystery | परफेक्ट मर्डर के लिए 238 घंटे की सीक्रेट प्लानिंग! आरोपी चेतन ने पुलिस को चकमा देने के लिए नौकर के फोन से बुना था जाल

Emergency In India 1975 | आपातकाल वह काला दौर था, जिसमें भारतीय लोकतंत्र को निर्ममता से कुचल दिया गया था : PM मोदी