By अंकित सिंह | Dec 05, 2021
देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन ने दस्तक दे दी है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी पुष्टि की है। फिलहाल इस व्यक्ति को दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में पहला ओमिक्रोन केस मिला। एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती मरीज तंजानिया से लौटा था। अब तक, कोविड के 17 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये ओमीक्रोन मरीज़ तंजानिया से आया हुआ है। उनको हमने अलग से वार्ड में आइसोलेट किया हुआ है। दूसरी ओर दिल्ली सरकार ने एक बार फिर से केंद्र सरकार से फ्लाइट को बंद करने की मांग कर दी है।
एक दिन में मौत के 2,796 मामले आए
देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 8,895 नए मामले सामने आने से जहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,46,33,255 हो गई, वहीं बिहार में आंकड़ों का पुनर्मिलान किए जाने के बाद देश में एक दिन में संक्रमण से मृत्यु के 2,796 मामले सामने आए और महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 4,73,326 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई। इससे पहले 21 जुलाई को भारत में एक दिन में संक्रमण से मृत्यु के 3,998 मामले सामने आए थे। तब महाराष्ट्र राज्य ने अपने कोविड आंकड़ों का 14वीं बार पुनर्मिलान किया था।