BJP का अभेद्द किला Raver को भेदने में असफल रहा विपक्ष, विधानसभा चुनाव में करना होगा करिश्मा

By Prabhasakshi News Desk | Sep 15, 2024

महाराष्ट्र के 48 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक रावेर भी है। जिस पर भारतीय जनता पार्टी का पिछले चार चुनाव से निरंतर कब्जा बना हुआ है। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में रक्षा खडसे लगातार तीसरी बार सांसद बनी हैं। 2002 को गठित भारत के परिसीमन आयोग की सिफारिशों के बाद 2008 में यह संसदीय क्षेत्र अस्तित्‍व में आया। 2009 में यहां पर पहली बार सांसद चुनने के लिए मतदान किया गया था। सतपुड़ा की पहाडि़यों के चलते यह क्षेत्र प्राकृतिक रूप से यह बेहद सुंदर इलाका है। इस क्षेत्र की सीमा मध्‍यप्रदेश और गुजरात से जुड़ती है। यह इलाका भारी मात्रा में केला उत्‍पादन के लिए जाना जाता है।

रावेर लोकसभा क्षेत्र महाराष्ट्र के जलगांव और बुलढाणा जिले के अंतर्गत आता है। जो चोपड़ा, रावेर, भुसावल, जामनेर, मुक्ताईनगर और मलकापुर विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर बनाया गया है। 2019 में संपन्न हुए चुनाव में दो-दो सीट कांग्रेस और बीजेपी के खाते में गई थीं। तो वहीं, एक सीट पर शिवसेना और एक निर्दलीय उम्मीदवार जीतने में सफल रहा था। इस लोक सभा क्षेत्र की चोपड़ा विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। जहां अब तक बीजेपी के अलावा सभी दल जीत हासिल कर चुके हैं। वर्तमान में शिवसेना शिंदे गुट की नेता और पूर्व विधायक चंद्रकांत सोनावने की पत्नी लताबाई चंद्रकांत सोनावने विधायक हैं।

इस लोक सभा क्षेत्र की रावेर विधानसभा सीट पर देश में हुए पहले आम चुनाव के दौरान ही मतदान हुआ था। जिस पर कांग्रेस ने लंबे समय तक राज किया है। हालांकि, 1985 के बाद से यहां बीजेपी और कांग्रेस ही बारी-बारी से जीत हासिल करती आई हैं। फिलहाल कांग्रेस के शिरिश चौधरी यहां से विधायक हैं। इस लोक सभा क्षेत्र की भुसावल विधानसभा सीट भी अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। जहां से भारतीय जनता पार्टी के नेता संजय सावकारे लगातार 15 साल से विधायक हैं। विधायक सावकारे 2009 में एनसीपी के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे। 

राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सबसे मजबूत पकड़ वाली सीटों में से एक जामनेर विधानसभा सीट भी है। जिस पर पार्टी 1995 के बाद से अपराजित ही रही है। महाराष्ट्र के सबसे प्रचलित नेताओं में शुमार गिरीश दत्तात्रेय महाजन यहां से लगातार सात बार चुनाव जीत चुके हैं। रावेर लोकसभा क्षेत्र की मुक्ताईनगर नगर विधानसभा सीट पूरे राज्य में बीजेपी के कद्दावर नेता एकनाथ खडसे के कारण भी जानी जाती है। जो 1990 से लेकर 2019 तक यहां से लगातार छह बार विधायक रहे हैं। वर्तमान में निर्दलीय उम्मीदवार चंद्रकांत निंबा पाटिल फिलहाल इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। महाराष्ट्र की विधानसभा में 21 नंबर से जाने जानी वाली मलकापुर विधानसभा क्षेत्र में 2019 के चुनाव में कांग्रेस के राजेश एकडे ने बीजेपी के चैनसुख संचेती के 25 साल के वर्चस्व को समाप्त करते हुए जीत हासिल करने में सफलता पाई थी।

प्रमुख खबरें

Assam Cabinet ने Ayushman Asom योजना के लिए मंजूर किए 200 करोड़ रुपये

छठ पूजा: UPEIDA ने एक्सप्रेसवे कर्मियों की छुट्टियां रद्द कीं, 24 घंटे तैनात रहेगा स्टाफ

CM Yogi Adityanath ने Garhmukteshwar और तिगरी मेले की तैयारियों की समीक्षा की, दिए कड़े निर्देश

Lucknow में चोरी के आरोप और मानसिक प्रताड़ना से युवक की आत्महत्या, दो महिलाएं अरेस्ट