उत्तर भारत में लू का प्रकोप बढ़ा, चुरु में तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 25, 2020

नयी दिल्ली। उत्तर भारत में सोमवार को गर्मी तथा लू का प्रकोप और बढ़ गया। राजस्थान के चुरु में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान 45 से 47 डिग्री के बीच रहा जबकि पंजाब और हरियाणा में भी लोगों को गर्मी का प्रकोप सहना पड़ा। हरियाणा के नरनौल में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश में प्रयागराज 46.3 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर भारत में गर्मी के लिहाज से 25-26 मई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है जहां लू का प्रकोप अपने चरम पर हो सकता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है जिससे लू के प्रकोप से राहत मिल सकती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी लू का प्रकोप रहा और मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए दिल्ली के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। यह के तापमान को पूरे शहर का प्रतिनिधि माना जाता है। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और पुरवाई हवाओं के कारण 28 मई को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

इसे भी पढ़ें: नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के प्रशासनिक भवन में आग, हजारों फाइलें जलकर खाक

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से घर में ही रहने और अधिक से अधिक पानी पीने की अपील की है। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने बताया कि जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में लू का प्रकोप और बढ़ सकता है। जयपुर केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से शुक्रवार और शनिवार को जोधपुर, बीकानेर, जयपुर और भरतपुर में हल्की बारिश हो सकती है। तेज गर्मी ने पंजाब और पड़ोसी हरियाणा को भी अपनी चपेट में ले लिया है। हरियाणा के हिसार में सामान्य से चार डिग्री अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि भिवानी में 43.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। करनाल में भी 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। पंजाब में पटियाला सबसे अधिक गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। अमृतसर और लुधियाना में भी सामान्य से अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान क्रमश: 42.8 और 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी तपिश महसूस की गई और यहां दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। उत्तरप्रदेश के वाराणसी, अयोध्या और लखनऊ मंडल में भी तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है और राज्य के कई इलाके लू की चपेट में है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम के साथ लू के हालात बने रहेंगे। मौसम कार्यालय ने कहा कि पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ इलाकों में बुधवार को आंधी के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो-तीन दिन में पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और झारखंड में कुछ-कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि बड़े इलाके में लगातार दो दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज होने पर लू की घोषणा की जाती है जबकि पारा 47 डिग्री होने पर प्रचंड लू की घोषणा की जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली जैसे छोटे इलाके में एक दिन भी 45 डिग्री तापमान होने पर लू की घोषणा की जा सकती है।

प्रमुख खबरें

Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी पर AB de Villiers बोले- यह बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था

Tazmin Brits के शतक का तूफान, South Africa की बड़ी जीत ने बदला Semifinal का पूरा समीकरण

England में Kiwi बल्लेबाजों का कहर, 96 साल पुराना Test Record तोड़ रचा नया इतिहास

FIFA World Cup 2026 में गोलों की बौछार, Lionel Messi की Golden Boot की दावेदारी हुई मजबूत