पाक के सेना कानून में संशोधन: संवेदनशील जानकारी लीक करने पर 5 साल की जेल होगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 01, 2023

पाकिस्तान की संसद ने सैन्य कानूनों में संशोधन करते हुए सेना तथा देश की सुरक्षा से संबंधित संवेदनशील जानकारी का खुलासा करने पर पांच साल तक की जेल की सजा का प्रावधान किया है। पिछले सप्ताह सीनेट द्वारा इसी विधेयक को पारित किए जाने के बाद निवर्तमान नेशनल असेंबली ने सोमवार को कठोर पाकिस्तान सेना अधिनियम, 1952 में प्रस्तावित संशोधनों का समर्थन किया। दोनों सदनों से समर्थन के बाद राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के हस्ताक्षर से यह विधेयक कानून बन जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्षी नेता इमरान खान के समर्थकों को कठघरे में लाने के मौजूदा सरकार के प्रयासों के तहत कदम उठाया गया है। कथित भ्रष्टाचार के मामले में इमरान की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने नौ मई को कई प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया था।

विधेयक में धारा 26-बी जोड़ने का भी प्रस्ताव है, जो किसी भी व्यक्ति को उनकी ‘सेवानिवृत्ति, रिहाई, इस्तीफा, सेवामुक्ति, निष्कासन या सेवा से बर्खास्तगी’ की तारीख से दो साल तक किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल होने से रोकता है। कानून मंत्री आजम नजीर तरार ने स्पष्ट किया कि सेना कानून में किए गए बदलाव नागरिकों पर लागू नहीं होंगे। ‘डान’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय सभा ने सोमवार को छह अन्य विधेयक भी पारित किए, जिनमें पाकिस्तान सॉवरेन वेल्थ फंड बिल, 2023 भी शामिल है, जिसका उद्देश्य देश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए राशि जुटाना है।

प्रमुख खबरें

Supreme Court ने नाबालिग होने पर रद्द की 20 साल पुरानी Conviction

Delhi Voter List में नाम जुड़वाने के लिए 2.18 लाख से अधिक Form-6 जमा हुए

Muzaffarnagar में मेले के विवाद पर BNS धारा 105 के तहत 5 गिरफ्तार, नहर से शव बरामद

Sahibganj में CBI अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने व्यक्ति को Digital Arrest कर ऐंठे 1.20 करोड़ रुपये