ईशनिंदा को लेकर Pakistan में विकिपीडिया पर लगाया गया प्रतिबंध हटाया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 07, 2023

पाकिस्तान ने विकिपीडिया नामक वेबसाइट पर दो दिन पहले लगाया गया प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से मंगलवार को हटा लिया। कथित ईशनिंदा वाली सामग्री वेबसाइट से नहीं हटा कर मुस्लिमों की भावनाओं को आहत करने के कारण पाकिस्तान के दूरसंचार नियामक ने ऑनलाइन विश्वकोश (विकिपीडिया) पर प्रतिबंध लगा दिया था। पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण ने आपत्तिजनक सामग्री हटाने के लिए दी गई 48 घंटे की समय सीमा की अनदेखी करने के कारण विकिपीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया था।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने तीन सदस्यीय एक मंत्रालयी समिति की सिफारिश के बाद, सोमवार को अधिकारियों को विकिपीडिया पर से प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। पाकिस्तान की सूचना एवं प्रसारण मंत्री मरियम औरंगजेब ने प्रधानमंत्री के आदेश को अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि वेबसाइट (विकिपीडिया) की सेवाएं तत्काल प्रभाव से बहाल की जा सकती हैं।’’

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने विकिपीडिया और अन्य ऑनलाइन सामग्री से संबंधित मामलों पर गौर करने के लिए एक कैबिनेट समिति भी गठित की है। विकिपीडिया एक निशुल्क ऑनलाइन विश्वकोश है, जिसे दुनिया भर के स्वयंसेवियों द्वारा संपादित किया जाता है। नियामक के प्रवक्ता मलहत ओबैद ने कहा, ‘‘ऐसी चीजों से मुसलमानों की भावनाएं आहत होती हैं।’’

उन्होंने कहा कि वेबसाइट को सुनवाई का अवसर भी दिया गया था, लेकिन उसने न तो ईशनिंदा सामग्री को हटाने के आदेश का पालन किया और न ही प्राधिकरण के समक्ष पेश हुआ। वेबसाइट का संचालन करने वाले विकिमीडिया फाउंडेशन ने पिछले शुक्रवार को कहा था, विकिपीडिया पर कौन सी सामग्री शामिल की गई है या उस सामग्री को कैसे बनाए रखा जाता है, इस बारे में वह फैसला नहीं करता है।’’

आलोचकों ने विकिपीडिया पर प्रतिबंध लगाने के कदम की निंदा करते हुए कहा था कि यह सूचना तक पहुंचने के पाकिस्तानियों के अधिकारों का उल्लंघन है। पाकिस्तान में फेसबुक और यूट्यूब जैसे दिग्गज सोशल मीडिया मंचों पर भी अतीत में ईशनिंदा संबंधी सामग्री को लेकर प्रतिबंध लगाए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Mamata Banerjee को पहले से ही थी शिक्षक भर्ती घोटाले की जानकारी, TMC के पूर्व महासचिव कुणाल घोष ने किया बड़ा दावा

भारत में चल रहे हैं चुनाव, मोदी के एक बुलावे पर 10 देशों के नेता दिल्ली दौड़े चले आए

दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का जवाब लोग अपने वोट से देंगे : सुनीता केजरीवाल

Newsroom | India-Maldives Relations | शायद मालदीव को आयी अक्ल!! मोहम्मद मुइज्जू सरकार के विदेश मंत्री SORRY बोलने आ सकते हैं भारत?