Budget Session 2026 Live Updates । संसद में Government-Opposition आमने-सामने, India-US डील पर नारेबाजी के बीच लोकसभा ठप

By एकता | Feb 03, 2026

मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर विपक्ष के भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई। सदन की शुरुआत में पूर्व सांसद सुरुपसिंह हिरिया नाइक को श्रद्धांजलि दी गई, लेकिन उसके तुरंत बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने और बजट व राष्ट्रपति अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखने की अपील की, परंतु शोर-शराबा न थमने के कारण सदन की बैठक को पहले 12 बजे और फिर दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

All the updates here:
Feb 03, 2026  18:12

यूपीआई लेनदेन 2025-26 में दिसंबर तक रिकॉर्ड स्तर पर

सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक लोकप्रिय यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से रिकॉर्ड 230 लाख करोड़ रुपये तक का लेनदेन हुआ है। उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि यूपीआई के जरिए लेनदेन तेज गति से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “घरेलू लेनदेन की बात करें तो वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक कुल 230 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया है, जबकि वर्ष 2022-23 में कुल लेनदेन 139 लाख करोड़ रुपये था।”
Feb 03, 2026  18:12

पिछले सात वर्ष में 7,400 से अधिक नक्सली गिरफ्तार

सरकार ने मंगलवार को लोकसभा को बताया कि 2019 से अब तक 7,400 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 5,880 ने आत्मसमर्पण किया है। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि 2025 में, सुरक्षा बलों ने 364 नक्सलियों को मार गिराया, 1,022 को गिरफ्तार किया और 2,337 का आत्मसमर्पण कराया। उन्होंने कहा कि वामपंथी उग्रवाद से होने वाली हिंसा की घटनाओं में 2010 से 2025 तक 88 प्रतिशत की कमी आई है।
Feb 03, 2026  18:12

सरकार की कथनी एवं करनी में अंतर : राजद

राज्यसभा में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सदस्य संजय यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के हितों का ख्याल नहीं रख रही है और ओबीसी हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार की कथनी एवं करनी में अंतर है। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश किए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए यादव ने दावा किया कि सरकार के भाषणों में ओबीसी के हितों की खूब चर्चा होती है लेकिन जमीन पर वह नहीं दिखता। प्रचार एवं पोस्टर में ओबीसी नजर आते हैं लेकिन नियुक्तियों में और निर्णय लेने की प्रक्रिया में वे गायब हैं। 
Feb 03, 2026  16:55

कागज उछालने पर आठ विपक्षी सांसद निलंबित

लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े विषय को लेकर जारी गतिरोध के बीच मंगलवार को उस वक्त सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का नया मोर्चा खुल गया जब आसन के समीप कागज उछालने के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। कांग्रेस के सात सदस्यों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद को सदन से निलंबित किया गया है। सदन में गतिरोध के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार की तरह मंगलवार को भी पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर आधारित लेख का हवाला देकर चीन का विषय उठाने का प्रयास किया, लेकिन आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली। हालांकि उन्होंने इस लेख को सत्यापित किया और सदन के पटल पर रखा।
Feb 03, 2026  16:55

नमक के सेवन को लेकर जागरूकता फैला रही सरकार

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने पाया है कि अत्यधिक नमक का सेवन देश में उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी रोगों के बढ़ते मामलों में एक कारण है। राज्यसभा को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने मंगलवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी देते हुए बताया कि सरकार भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के माध्यम से ‘ईट राइट इंडिया’ मुहिम चला रही है, जिसका उद्देश्य स्वस्थ खानपान की आदतों को बढ़ावा देना और अधिक नमक सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है। 
Feb 03, 2026  16:53

राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा

Feb 03, 2026  14:28

हंगामे के बाद लोकसभा को दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चीन का मुद्दा उठाने पर भाजपा सांसदों द्वारा कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद लोकसभा को दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया, जिससे सदन में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
Feb 03, 2026  14:28

राहुल गांधी ने एक बार फिर चीन का मुद्दा उठाया

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चीन को लेकर चिंता व्यक्त की और पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण में उल्लिखित बिंदुओं का उल्लेख किया। उनके इस बयान से मौजूदा सत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर फिर से ध्यान केंद्रित हो गया है।
Feb 03, 2026  14:28

विपक्ष का वॉकआउट

कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाते हुए और इस पर चर्चा की मांग करते हुए राज्यसभा से वॉकआउट किया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शून्यकाल समाप्त होते ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि समझौते से संबंधित जानकारी वाशिंगटन से प्राप्त हो रही है।
Feb 03, 2026  14:28

शशि थरूर ने स्पष्टीकरण मांगा

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर स्पष्टता की मांग करते हुए कहा कि भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करना सकारात्मक कदम हो सकता है, लेकिन सरकार को इसके विवरण स्पष्ट करने चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं जानना चाहता हूं कि इसमें क्या शामिल है। विपक्ष केवल स्पष्टता मांग रहा है। हमें नहीं पता कि समझौते में क्या है। हमारे पास ट्रंप और मोदी के ट्वीट हैं; क्या संसदीय लोकतंत्र में इतना काफी है? क्या भारत सरकार को आकर देश की जनता को यह नहीं बताना चाहिए कि समझौते में क्या है?'
Feb 03, 2026  14:28

रिजिजू और कांग्रेस नेताओं की मुलाकात

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और कांग्रेस नेताओं गौरव गोगोई और केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। यह मुलाकात पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक को लेकर निचले सदन में जारी गतिरोध के बीच हुई। संसदीय सूत्रों ने बताया कि सदन के सुचारू संचालन पर आम सहमति बनाने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई थी।
Feb 03, 2026  12:41

लोकसभा में विपक्ष का हंगामा

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते तथा वाराणसी में महारानी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति कथित तौर पर तोड़े जाने के मुद्दे को लेकर विपक्ष के सदस्यों ने मंगलवार को लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कांग्रेस और कुछ अन्य दलों के सदस्यों ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर महारानी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति कथित तौर पर तोड़े जाने का विषय उठाया और ‘अहिल्याबाई का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे लगाए।
Feb 03, 2026  12:41

देश से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो गया है: सरकार

सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में वामपंथी उग्रवाद लगभग-लगभग समाप्त हो गया है और आगामी मार्च महीने तक यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में प्रश्नकाल में कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) को परंपरागत तरीके के साथ ही आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाता है और इसमें वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य को दृष्टिगत रखा जाता है।
Feb 03, 2026  12:40

लोकसभा ने पूर्व सदस्य हिरिया नाइक को श्रद्धांजलि दी

लोकसभा ने मंगलवार को पूर्व सदस्य सुरुप सिंह हिरिया नाइक को श्रद्धांजलि दी जिनका गत दिसंबर में निधन हो गया था। सदन की बैठक शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने सभा को महाराष्ट्र के नंदुरबार संसदीय क्षेत्र से छठी और सातवीं लोकसभा के सदस्य रहे हिरिया नाइक के निधन की सूचना दी। उनका निधन गत 24 दिसंबर को 87 साल की आयु में हो गया था। वह आठ बार महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य रहे और राज्य सरकार में मंत्री भी रहे। सदस्यों ने कुछ पल मौन रखकर दिवंगत हिरिया नाइक को श्रद्धांजलि दी।
Feb 03, 2026  12:40

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने राहुल गांधी से कहा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से कहा, ‘‘मैं आपका सलाहकार नहीं हूं।’’ बिरला ने ये टिप्पणियां उस वक्त कीं जब गांधी ने उनसे पूछा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान उन्हें क्या बोलना चाहिए। गांधी के पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के 2020 के भारत-चीन संघर्ष पर लिखे अप्रकाशित संस्मरण से कुछ चीजें उद्धृत करने की मांग पर विवाद पैदा हुआ।

प्रमुख खबरें

गजब बेइज्जती है! ट्रंप आपको फायर करने वाले IRGC प्रवक्ता ने फिर उड़ा मजाक, कहा- अमेरिकी...

West Bengal खेला हो गया? ओवैसी-हुमायूँ कबीर का अटूट गठबंधन! मुस्लिम वोट बैंक में सेंधमारी की तैयारी

एक तरफ ट्रंप कर रहे सीजफायर की बातें, दूसरी तरफ अमेरिका मिडिल ईस्ट भेज रहा हजारों सैनिक, क्या है प्लान?

Tamil Nadu Election 2026: AIADMK ने जारी की 23 उम्मीदवारों की पहली सूची, एडप्पाडी से ताल ठोकेंगे K Palaniswami