यूपी में Pankaj Chaudhary ने फूंका 2027 चुनाव का बिगुल, BJP कार्यकर्ताओं को दिए 5 जीत के मंत्र

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्‍यक्ष और केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत का आह्वान किया और कहा कि ‘हम’ यहां 2027 के महासंग्राम में विजय का शंखनाद करने आए हैं। पंकज चौधरी ने यहां आशियाना स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की अध्यक्षता करते हुए कहा, ‘‘हम यहां आज भारतीय जनता पार्टी की विजय का नया अध्याय लिखने आए हैं।’’ भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की मौजूदगी में पंकज चौधरी ने जोर देकर अपने संबोधन में कहा, ‘‘हम यहां 2027 के महासंग्राम में विजय शंखनाद करने आए हैं और यह संकल्प लेने आए हैं कि उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे।’’ चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनावों से पूर्व हमें संगठन में पांच बातों को प्राथमिकता देनी होगी, पहली-बूथ की मजबूती, दूसरी-प्रत्येक बूथ पर सक्रियता और आपसी संवाद, तीसरी-मंडल एवं जिला स्तर पर नियमित बैठक और समीक्षा, चौथी -संगठन का निरंतर विस्तार, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और नए मतदाताओं के बीच पहुंच और पांचवीं- कार्यकर्ता का प्रशिक्षण। उन्होंने गरीब, अनुसूचित जाति, पिछड़े, अति पिछड़े , सवर्ण, किसान और महिलाओं के बीच काम करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के पिताजी को घोर आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित किया गया, यही उनका चरित्र है। चौधरी ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य दलों की राजनीति सकारात्मक आरोप पर टिकी है, लेकिन विपक्ष की तरह हमें असंसदीय भाषा का प्रयोग नहीं करना है। हमारा जवाब रक्षात्मक नहीं, तथ्यात्मक होना चाहिए।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश के अंदर भाजपा के पक्ष में माहौल है, इससे सपा-कांग्रेस में खलबली है जिसके कारण विपक्षी दल समाज में जाति संघर्ष का जहर बोने का प्रयास कर रहे हैं।

चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश विरोधी ताकतें भारत को अस्थिर करने की साजिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों से मिल रहे पैसे के सहारे युवाओं को बहकाकर देश को नफरत की आग में जलाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। भगवान लक्ष्‍मण को स्‍मरण कर उनके नाम की ऐतिहासिक नगरी में आयोजित कार्यसमिति को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा, ‘‘यह कोई औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि हम उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठन की शक्ति का मूल्यांकन करने, अपनी उपलब्धियों की समीक्षा करने के साथ ही भविष्य की दिशा तय करने, नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिये एकत्रित हैं।’’ उन्‍होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति को अपना अंतिम लक्ष्य नहीं मानती, बल्कि उसका लक्ष्य राष्ट्रनिर्माण, समाज का सर्वांगीण विकास, अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और भारत को विश्व में सबसे आगे रखना है।

चौधरी ने अपने अध्‍यक्षीय उद्बोधन में भगवान राम, कृष्‍ण, काशी, बाबा विश्वनाथ, वैदिक काल, नैमिषारण्य, मां विंध्यवासिनी समेत अपने गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार को इन स्थलों का कायाकल्प करने का श्रेय दिया। उन्होंने कार्यसमिति को विस्तृत जानकारी दी जिसमें बूथों तक का ब्यौरा शामिल था। चौधरी ने संगठन पर्व के दौरान 14 दिसंबर 2025 को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपने निर्वाचन की जानकारी दी।

उप्र भाजपा के 17वें प्रदेश अध्‍यक्ष चौधरी ने अपने संगठनात्‍मक प्रयासों का विस्‍तार से ब्‍यौरा दिया। उन्‍होंने गैर भाजपा सरकारों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ वर्ष 2017 से पहले का उप्र अपराध, माफियाराज और भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता था, लेकिन पिछले 9-10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास और कानून-व्यवस्था की नई परिभाषा लिखी है।’’

प्रमुख खबरें

Bombay High Court ने Arun Ferreira की गिरफ्तारी अवैध ठहराई, 2 लाख रुपये मुआवजे का आदेश

Jamia Millia Islamia में छात्रसंघ चुनाव की समयसीमा तय, छात्रों ने निकाला विजय जुलूस

Sun Pharma का India Business 17.3 फीसदी बढ़ा लेकिन शुद्ध मुनाफा 36.2 फीसदी घटा

Atlanta में जुटे G20 राजनयिक, वैश्विक संकट और व्यापारिक तनाव पर उभरे मतभेद