By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 26, 2021
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को दावा किया कि दरांग जिले में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई हिंसा में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का हाथ था। उन्होंने केंद्र सरकार से इस संगठन पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस बारे में खुफिया जानकारी है कि एक कॉलेज लेक्चरर सहित छह लोगों ने पिछले तीन महीनों में गरीब भूमिहीन परिवारों से यह कह कर 28 लाख रुपये एकत्र किये थे कि वे अतिक्रमण हटाने का अभियान रोकने के लिए सरकार को मनाएंगे।
उन्होंने दावा किया कि हटाये गये लोगों को भोजन मुहैया करने के बहाने पीएफआई से जुड़े लोगों ने घटनास्थल का दौरा किया था। मुख्यमंत्री ने मीडिया पर भी ठीकरा फोड़ा और दावा किया कि उसने झड़प में एक पक्ष का साथ दिया।