By अभिनय आकाश | Oct 15, 2026
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) का पहला चरण तय हो गया है और फिलहाल इसकी कानूनी ड्राफ्टिंग और अंतिम समीक्षा चल रही है। श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी सम्मेलन (सेंटेनरी कॉन्क्लेव) के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए, गोयल ने उम्मीद जताई कि जब भारत को अपने समकक्ष देशों के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बढ़त मिल जाएगी, तो यह समझौता जल्द ही लागू हो जाएगा। उन्होंने कहा अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण तय हो गया है। अभी इसकी कानूनी ड्राफ्टिंग और अन्य अंतिम प्रक्रियाएं चल रही हैं। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही इसे पूरी तरह से अंतिम रूप दे सकेंगे और जैसे ही हमें अपने समकक्ष देशों के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बढ़त मिलेगी, हम इसे लागू कर देंगे।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों पक्ष इसे जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। अग्रवाल ने कहा, "बातचीत सही दिशा में चल रही है। हम एक बहुत अच्छी स्थिति में हैं। हमें उम्मीद है कि हम जल्द से जल्द इस समझौते को अंतिम रूप देकर इस पर हस्ताक्षर कर लेंगे।" इसके अलावा, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत अमेरिकी बाजार में 'प्राथमिक पहुंच' (प्रिफरेंशियल एक्सेस) चाहता है, ताकि भारतीय निर्यातक अन्य देशों के साथ प्रभावी ढंग से प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने कहा, "जब आप कोई व्यापार समझौता करते हैं, तो यह न केवल एक-दूसरे के बाजारों तक पहुंच प्रदान करता है, बल्कि आपको किसी विशेष बाजार में 'प्राथमिक पहुंच' भी देता है।