By अभिनय आकाश | Sep 13, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दक्षिण अफ्रीका ब्रिक्स समूह का एक मुख्य सदस्य रहा है। राष्ट्रपति रामफोसा भारत की अध्यक्षता में "लचीलेपन, इनोवेशन, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण" (Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability) की थीम पर आयोजित दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। रामफोसा ने शनिवार को 'समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने' (Inclusive Global Governance & Strengthening Multilateralism) पर ब्रिक्स सत्र में भाग लिया और नई दिल्ली में 'भारत इनोवेट्स' (Bharat Innovates) प्रदर्शनी का भी दौरा किया।
रामाफोसा ने आर्थिक सहयोग को मज़बूत करने में प्राइवेट सेक्टर की भूमिका पर भी ज़ोर दिया और 2013 में दक्षिण अफ्रीका की पहली ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान ब्रिक्स बिज़नेस काउंसिल की स्थापना को याद किया। इस बीच, उद्योगपति नवीन जिंदल ने भी ब्रिक्स समिट के दौरान राष्ट्रपति रामाफोसा से बातचीत की और भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार और रणनीतिक निवेश को मज़बूत करने के तरीकों पर चर्चा की।