लोकसभा अध्यक्ष की बैठक में साथ नजर आए पीएम मोदी और सोनिया, कई और नेता भी रहे मौजूद
By अंकित सिंह | Aug 11, 2021
लोकसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। लोकसभा में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध लगातार जारी रहा। पेगासस मामले की जांच और केंद्रीय कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर रहा। इन सब के बीच सरकार ने कई बिल को पास कराने में कामयाबी हासिल की। हालांकि विपक्ष का आरोप रहा कि सरकार बिना चर्चा के ही बिल पास कराई जा रही है। आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ एक बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी एक साथ नजर आए। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी मौजूद रहे। इनके अलावा तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय, द्रमुक के टी आर बालू, अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल, वाईएसआरसीपी के मिथुन रेड्डी, बीजू जनता दल के पिनाकी मिश्रा और जदयू के राजीव रंजन सिंह लल्लन, बसपा के रितेश पांडेय और तेलंगाना राष्ट्र समिति के नामा नागेश्वर राव समेत अनेक विपक्षी दलों के नेता भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने पहुंचे। आपको बता दें कि आज ही लोकसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। आज भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच जमकर वार पलटवार हुआ।