By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 26, 2020
मोदी ने कहा, ‘‘जब हम मजबूत थे तो दुनिया को कभी सताया नहीं, जब हम मजबूर थे तो दुनिया पर कभी बोझ नहीं बने।’’ भारत की ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम’’ की भावना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह हमारी संस्कृति, संस्कार और सोच का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत वह देश है जिसने शांति की स्थापना के लिए लगभग 50 शांति मिशन में अपने जांबाज सैनिक भेजे, जिसने शांति की स्थापना में सबसे ज्यादा अपने वीर सैनिकों को खोया है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में आज प्रत्येक भारतवासी, संयुक्त राष्ट्र में अपने योगदान को देखते हुए, संयुक्त राष्ट्र में अपनी व्यापक भूमिका भी देख रहा है।’’ आतंकवाद के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से उठाए गए कदमों पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए और कहा कि बेशक तीसरा विश्व युद्ध नहीं हुआ लेकिन आंतकवाद की आग ने पूरी दुनिया को झुलसाया और आतंकी हमलों ने पूरी दुनिया को थर्रा कर रख दिया। यहां तक कि खून की नदियां बहती रहीं। उन्होंने पूछा, ‘‘उस समय और आज भी संयुक्त राष्ट्र के प्रयास क्या पर्याप्त थे?’’ कोविड-19 महामारी से निपटने में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर भी सवाल खड़े करते हुए मोदी ने वैश्विक समुदाय को आश्वस्त किया कि भारत की टीका उत्पादन और टीका वितरण की क्षमता पूरी मानवता को इस संकट से बाहर निकालने के लिए काम आएगी। उन्होंने पूछा, ‘‘पिछले 8-9 महीने से पूरा विश्व कोविड-19 वैश्विक महामारी से संघर्ष कर रहा है। इस वैश्विक महामारी से निपटने के प्रयासों में संयुक्त राष्ट्र कहां है? एक प्रभावशाली प्रतिक्रिया कहां है?’’ मोदी ने कहा कि महामारी के इस मुश्किल समय में भी भारत ने 150 से अधिक देशों को जरूरी दवाइयां भेजी।
उन्होंने कहा, ‘‘विश्व के सबसे बड़े टीका उत्पादक देश के तौर पर आज मैं वैश्विक समुदाय को एक और आश्वासन देना चाहता हूं। भारत की टीका उत्पादन और टीका वितरण क्षमता पूरी मानवता को इस संकट से बाहर निकालने के लिए काम आएगी।’’ कोविड महामारी से अब तक विश्व की 3.2 करोड़ आबादी प्रभावित हो चुकी है और दुनिया भर में इससे 9.9 लाख से अधिक लोग अपनी जांन गंवा चुके हैं। भारत में इस महामारी से अब लगभग 60 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं और 93,000 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कोविड महामारी के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र की प्रतिक्रिया पर प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे समय में सवाल उठाया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस महामारी को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन की भूमिका की आलोचना करते रहे हैं। पिछले सप्ताह ही उन्होंने आरोप लगाया था कि विश्व की सर्वोच्च स्वास्थ्य संस्था का नियंत्रण चीन कर रहा है। मोदी ने कहा कि भारत कोरोना वायरस के टीके के क्लीनिकल ट्रायल के तीसरे दौर में है। मोदी ने कहा कि भारत जब किसी दूसरे देश से दोस्ती का हाथ बढ़ाता है तो वह किसी तीसरे देश के खिलाफ नहीं होता। उन्होंने कहा, ‘‘भारत जब विकास की साझेदारी मजबूत करता है, तो उसके पीछे किसी साथी देश को मजबूर करने की सोच नहीं होती। हम अपनी विकास यात्रा से मिले अनुभव साझा करने में कभी पीछे नहीं रहते।’’ इस बार संयुक्त राष्ट्र महासभा की यह बैठक मुख्य रूप से डिजिटल माध्यम से हो रही है। कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर विश्व के अधिकतर नेताओं ने न्यूयॉर्क पहुंचना मुनासिब नहीं समझा।
उन्होंने कहा कि चाहे ‘‘नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी’’ से लेकर ‘‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’’ हो या फिर हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर विचार, भारत ने हमेशा पूरी मानव जाति के हित के बारे में सोचा है, न कि अपने निहित स्वार्थों के बारे में। उन्होंने कहा, ‘‘भारत की साझेदारी करने का मार्गदर्शन भी यही सिद्धांत तय करता है। भारत जब किसी देश से दोस्ती का हाथ बढ़ाता है, तो वो किसी तीसरे देश के खिलाफ नहीं होता। भारत जब विकास की साझेदारी मजबूत करता है, तो उसके पीछे किसी साथी देश को मजबूर करने की सोच नहीं होती।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी विकास यात्रा से मिले अनुभव साझा करने में कभी पीछे नहीं रहते।’’ मोदी ने इस अवसर पर कहा कि भारत ने दो अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पहल की थी। इतना ही नहीं, आपदा और अंतरराष्ट्रीय सोलर अलायंस से जुड़े प्रयासों की पहल भी भारतने ही की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर भारत में किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और बताया कि कैसे 130 करोड़ के इस देश में करोड़ों लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा गया, खुले में शौच से मुक्त कराया गया, मुफ्त इलाज की सुविधा से जोड़ा गया। उन्होंने कहा, ‘‘महामारी के बाद बनी परिस्थितियों के बाद हम अब आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी फायदेमंद होगा।