PM Modi ने एक झटके में गरीबी दूर करने वाले बयान पर राहुल गांधी को बताया ''शाही जादूगर"

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 14, 2024

पिपरिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक झटके में गरीबी खत्म करने वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए रविवार को उन्हें शाही जादूगर करार दिया और कहा कि देश उन्हें गंभीरता से नहीं लेता। प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश के होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के पिपरिया कस्बे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन इंडिया के एक घटक दल के परमाणु निरस्त्रीकरण के पक्ष में बयान देने को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि बिना परमाणु हथियारों के देश की रक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने हमेशा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का अपमान किया लेकिन भाजपा सरकार ने उनका सम्मान किया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने किसी भी पार्टी का नाम लिए बिना मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया के एक घटक दल ने परमाणु निरस्त्रीकरण का आह्वान किया है। मोदी ने लोगों से पूछा कि क्या आज के दौर में देश को परमाणु हथियार की जरूरत है या नहीं खासकर तब जब उसके दुश्मनों के पास इतनी ताकत है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी खुद को मजबूत नहीं कर सकती, वह क्या देश को मजबूत कर सकती है? उन्होंने कहा, विपक्षी गठबंधन के सहयोगियों के घोषणापत्र में कई खतरनाक वादे किए गए हैं। उनके एक सहयोगी के घोषणापत्र में कहा गया है कि वह देश को परमाणु निरस्त्रीकरण करेंगे। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारे देश की रक्षा के लिए हमारे पास परमाणु हथियार होने चाहिए। जो लोग कह रहे हैं कि परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए तो वे भारत की रक्षा कैसे करेंगे। भारत के संविधान के मुख्य निर्माता की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का अपमान किया जबकि हमने उनका सम्मान किया है। उन्होंने देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर द्रौपदी मुर्मू के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के कारण एक आदिवासी महिला भारत की राष्ट्रपति बनीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज इतिहास में एक बड़ा दिन है क्योंकि आज आंबेडकर जी की जयंती है। 

बाबासाहेब के संविधान के कारण ही एक आदिवासी परिवार की बेटी देश की राष्ट्रपति बनी हैं और एक गरीब महिला का बेटा तीसरी बार आपकी सेवा के लिए आपसे वोट मांग रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बाबा साहब आंबेडकर से जुड़े पंच तीर्थ को विकसित करने का अवसर मिला है।आंबेडकर का जन्म मध्य प्रदेश के महू शहर में हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान आपातकाल लगाया था और अपनी मर्जी से राज्य सरकारों को भंग कर दिया था। उन्होंने कहा, अब शाही (गांधी) परिवार धमकी दे रहा है कि अगर मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो देश में आग लग जाएगी। 

इसे भी पढ़ें: Lok Sabha Elections 2024 । भाजपा के चुनावी घोषणापत्र की मुख्य विशेषताएं । Modi Ki Guarantee

उन्होंने पहले भी ऐसे बयान दिए थे जैसे कि अगर राम मंदिर बनाया गया तो, अनुच्छेद 370 (जो जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करता था) को निरस्त कर दिया गया तो देश में आग लग जाएगी। ’’ मोदी ने कहा, (विपक्षी) इंडिया गठबंधन यह तय करने में असमर्थ है कि देश को किस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा, फिर एक बार, मोदी सरकार का नारा पूरे देश में गूंज रहा है। उन्होंने सभा में कहा, मोदी का कोई सपना नहीं है, आपके सपने ही मेरा मिशन हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आदिवासियों के योगदान को मान्यता नहीं दी लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को चिह्नित करने के लिए 2025 को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाएगी।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनियों का नया Formula: AI पर बड़ा दांव, Meta-Oracle में हजारों कर्मचारियों की छुट्टी

Indian Economy की ऊंची उड़ान पर ब्रेक! Bernstein ने Jobs, Innovation पर उठाए गंभीर सवाल

Hindustan Zinc के बंपर नतीजे: Revenue 49% बढ़ा, कंपनी ने कमाया ₹5000 करोड़ का Profit

अमेरिका में Layoff का दौर जारी, अब Big Four कंपनी KPMG ने 10% पार्टनर्स को निकाला