By विजयेन्दर शर्मा | Jun 01, 2021
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की खास रौनक रहा इंडियन कॉफी हाउस के वजूद पर कोरोना महामारी की काली छाया पड गई है जिससे करीब 61 साल पहले स्थापित इस संस्थान के वजूद पर संकट गहरा गया है। एक जमाने में शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड पर स्थापित इंडियन कॉफी हाउस प्रदेश की राजनैतिक घटनाक्रमों का गवाह रहा है। यहां काफी की चुस्कियों के साथ राजनेता हो या नौकरशाह अगली रणनिति तय करता था। दिन भर यहां बैठकों का दौर चलता था लेकिन अब यह दौर कोरोना महामारी के चलते खत्म हो जायेगा। चूंकि अब यह संस्थान अरसे से बंद है। 15 महीनों से काफी हाउस बंद होने की वजह से घाटे में है। कॉफी हाउस में कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गर्म कॉफी के साथ राजनीति का स्वाद चखा था। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के लिए भाजपा मामलों का प्रभारी रहने के अपने आठ साल साल के कार्यकाल के दौरान मोदी के लिए इंडियन कॉफी हाऊस एक पसंदीदा स्थान रहा था।
जब अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई भारत में अध्ययन करते थे, तो वो भी अक्सर यहां आते थे।समोदी ने 2017 में अपनी अंतिम यात्रा के दौरान याद किया कि वह राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए अपने पत्रकार मित्रों के साथ कॉफी हाउस में घंटों बिताते थे। शिमला के अकादमिक, कानूनी, कला और पत्रकारिता जगत के कई लोग इसके नियमित ग्राहक रहे हैं। महामारी से पहले, शिमला के काफी हाउस की दैनिक बिक्री 100,000 रुपये से अधिक थी। वर्तमान में, कॉफी हाउस प्रतिदिन तीन घंटे काम कर रहा है, लॉकडाउन प्रतिबंधों के कारण 1,000 रुपये से 1,500 रुपये प्रति दिन की आय हो रही है। मुख्यमंत्री के पूर्व प्रेस सचिव ब्रहम देव शर्मा ने कहा कि, “यह जानकर बहुत दुख हुआ कि काफी हाउस के बुरे दिन आ गए हैं। हमारा समूह, जो गर्म काफी के प्याले पर राजनीति और समाज पर चर्चा करने में घंटों बिताता है, अपने पाकेट से कुछ योगदान देकर अपने परिवेश को जीवित रखने के लिए तंत्र विकसित करने के बारे में सोच रहा है।“
एक पूर्व सरकारी कर्मचारी और 35 से अधिक वर्षों से नियमित रूप से यहां आने वाले दौलत सेन ने भावुक होकर कहा, “मैं 1980 के दशक की शुरूआत में पहली बार कॉफी हाउस आया और तब से यह मेरे जीवन का एक अभिन्न अंग है। मेरे जैसे सरकारी कर्मचारी के लिए यह सामाजिककरण और बौद्धिक चर्चा का केंद्र है।“ सेन ने कहा, “इसका बंद होना एक खास वर्ग के लिए बड़ा झटका होगा, जिसे पुराने जमाने का कहा जाता है।“ सेन के मुताबिक, 1980 के दशक की शुरूआत में एक कप कॉफी की कीमत 2 रुपये थी। अब यह 25 रुपये है। प्रधानमंत्री मोदी ने दिसंबर 2017 में शिमला में एक सार्वजनिक रैली में कहा था, “अपने पत्रकार मित्रों के साथ इंडियन कॉफी हाउस में बैठकर, मुझे राज्य के राजनीतिक विकास के बारे में जानकारी मिलती थी।“ मोदी, जो 1994 और 2002 तक हिमाचल प्रदेश के भाजपा प्रभारी थे, उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि उन्होंने कॉफी के लिए कभी भुगतान नहीं किया। उनके पत्रकार मित्र बिल जमा करते थे।