By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 18, 2021
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केदारनाथ में जनभावनाओं के अनुरूप ईशानेश्वर मंदिर के पुनर्निर्माण, आस्था चौक पर ऊँ (ओंकार) की प्रतिमा स्थापित करने तथा शंकराचार्य समाधि एवं शिव उद्यान के डिजाइन में संशोधन करने के निर्देश दिये। प्रधानमंत्री मोदी ने ये निर्देश शाम को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से केदारनाथ में जारी पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा वासुकीताल क्षेत्र के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों को भी नये रूप में विकसित करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को यह भी अवगत कराया कि बदरीनाथ धाम को स्मार्ट स्प्रिचुअल हिल टाउन के रूप में विकसित करने के लिये प्रथम चरण के 245 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों को शुरू करने के वास्ते 22 राजकीय भवनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्णय राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिया जा चुका है जिससे अब कार्यों में तेजी आ सकेगी। प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ. एस एस सन्धु ने प्रस्तुतिकरण देते हुए बताया कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के प्रथम चरण के कार्य पूर्ण हो चुके हैं जिसमें टेंपल प्लाजा, एराइवल प्लाजा, मन्दाकिनी एवं सरस्वती नदी पर सुरक्षा दीवार का निर्माण, पांच घाटों का निर्माण, पांच अतिथिगृहों और तीन ध्यान गुफाओं का निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि आदि शंकराचार्य की गुफा का निर्माण कार्य तथा द्वितीय चरण में 113.92 करोड़ रूपये के 13 कार्य चल रहे हैं।