एक नई सुबह और बेहतर कल के लिए तैयार हैं J&K और लद्दाख: PM मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 06, 2019

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू कश्मीर पुनर्गठन संबंधी विधेयक एवं संकल्प संसद में पारित होने पर इसे देश के कई महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख अब निहित स्वार्थ से जुड़े लोगों के चंगुल से आजाद हैं और एक नई सुबह, एक बेहतर कल के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर की बहनों और भाइयों के साहस और जज्बे को सलाम करता हूं। वर्षों तक कुछ स्वार्थी तत्वों ने इमोशनल ब्लैकमेलिंग का काम किया, लोगों को गुमराह किया और विकास की अनदेखी की। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख अब ऐसे लोगों के चंगुल से आजाद हैं। एक नई सुबह, एक बेहतर कल के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इन विधेयकों का पारित होना देश के कई महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि है। सरदार पटेल को श्रद्धांजलि है, जो देश की एकता के लिए समर्पित थे। 

उन्होंने कहा कि बाबासाहेब अम्बेडकर के विचार सर्वविदित हैं, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, जिन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्हें भी श्रद्धांजलि है। मोदी ने कहा कि ये कदम जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के युवाओं को मुख्यधारा में लाएंगे, साथ ही उन्हें उनके कौशल और प्रतिभा को प्रदर्शित करने के अनगिनत अवसर प्रदान करेंगे। इससे वहां के आधारभूत ढांचे में सुधार होगा, व्यापार-उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और आपसी दूरियां मिटेंगी। उन्होंने कहा कि लद्दाख के लोगों को विशेष रूप से बधाई। उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि केंद्र शासित प्रदेश घोषित करने की उनकी दशकों पुरानी मांग आज पूरी हो गई है। इस फैसले सेलद्दाख के विकास को अभूतपूर्व बल मिलेगा। लोगों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली आएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में जिस प्रकार विभिन्न पार्टियों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर और वैचारिक मतभेदों को भुलाकर सार्थक चर्चा की, उसने हमारे संसदीय लोकतंत्र की गरिमा को बढ़ाने का काम किया है। इसके लिए वह सभी सांसदों, राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को गर्व होगा कि सांसदों ने वैचारिक मतभेदों को भुलाकर उनके भविष्य को लेकर चर्चा की। साथ ही साथ वहां शांति, प्रगति और समृद्धि की राह सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में 125:61 और लोकसभा में 370:70 का विशाल बहुमत इस फैसले के प्रति भारी समर्थन को दिखाता है।

इसे भी पढ़ें: Article 370 के हटते ही राजस्थान विधायक का 29 साल पुराना प्रण हुआ पूरा

मोदी ने कहा कि देश के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने अपने-अपने सदन में जिस प्रकार से कार्यवाही का प्रभावी संचालन किया, उसके लिए वह उन्हें पूरे देश की ओर से बधाई देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों के बेहतर जीवन को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके समर्पण और अथक प्रयासों से ही इन विधेयकों का पारित होना संभव हो पाया है। इसके लिए उन्हें विशेष बधाई देता हूं।

प्रमुख खबरें

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video

TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, राहुल गांधी बोले- हर युवा असुरक्षित, ये भविष्य की चोरी है