राम मंदिर न्यास के सदस्य का दावा, पांच अगस्त को राम मंदिर के भूमि पूजन में शामिल होंगे PM मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 22, 2020

पुणे (महाराष्ट्र)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य स्वामी गोविंद देवगिरि महाराज ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर के पांच अगस्त को भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि इस समारोह में सभी मुख्यमंत्रियों को भी अवश्य ही आमंत्रित किया जाना चाहिए। स्वामी गोविंद देवगिरि महाराज ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री, राम मंदिर के भूमि पूजन के लिये पांच अगस्त को अयोध्या आने को सहमत हो गये हैं। वह वहां करीब डेढ़ घंटे रूकेंगे। इससे पहले, ये अटकलें थी कि वह डिजिटल माध्यम से समारोह में शामिल होंगे, लेकिन मैंने आग्रह किया कि यह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर किया जाना चाहिए।’’ 

इसे भी पढ़ें: भगवान श्रीराम के जन्म के मुहूर्त में होगा मंदिर का भूमि पूजन, जानिए इसकी खासियत

हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि प्रधानमंत्री समारोह में शामिल होंगे। स्वामी गोविंद को किशोरजी व्यास के नाम से भी जाना जाता है। यह पूछे जाने पर कि क्या महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भूमि पूजन समारोह के लिये आमंत्रित किया जाएगा, उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें अवश्य ही आमंत्रित किया जाना चाहिए। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री ठाकरे को आमंत्रित नहीं करने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। उन्हें अवश्य आमंत्रित किया जाना चाहिए...मुझे लगता है कि किसी को आमंत्रित नहीं करने का कोई मतलब नहीं है। हमें सभी मुख्यमंत्रियों, प्रमुख संतों और सामाजिक नेताओं को अवश्य ही आमंत्रित करना चाहिए। ’’ उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर अयोध्या में पांच अगस्त के समारोह में सिर्फ 200 लोग होंगे। समारोह में सामजिक दूरी के सभी नियमों का पालन किया जाएगा। न्यास के सदस्य ने कहा, ‘‘मेरे अनुसार, दिवंगत बालासाहेब ठाकरे एक महान नायक थे, जिन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण पर जोर दिया था। ’’ शिवसेना सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा था कि उद्धव ठाकरे राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन समारोह के लिये निश्चित रूप से जाएंगे। 

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार