प्रधानमंत्री मोदी दो मई से जर्मनी, डेनमार्क व फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 27, 2022

नयी दिल्ली। यूक्रेन संकट और उससे निपटने के लिये यूरोप के सख्त रुख के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल अपने पहले विदेश दौरे पर दो मई से जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। यात्रा की घोषणा करते हुए, विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री पहले जर्मनी की यात्रा करेंगे, फिर डेनमार्क जाएंगे और चार मई को अपनी वापसी की यात्रा के दौरान पेरिस में कुछ समय के लिए रुकेंगे। पेरिस में, मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करेंगे, जो सोमवार को राष्ट्रपति पद के लिए कड़े मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी मरीन ली पेन को हराने के बाद शीर्ष पद के लिए फिर से चुने गए थे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “बर्लिन में, प्रधानमंत्री जर्मनी के संघीय चांसलर ओलाफ शोल्ज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और दोनों नेता भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श (आईजीसी) के छठे संस्करण की सह-अध्यक्षता करेंगे।” 

इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले, कोरोना वायरस की चुनौती अभी पूरी तरह टली नहीं है

विदेश मंत्रालय ने कहा, “यह यात्रा व्यापक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और दोनों सरकारों के लिए आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का एक अवसर होगी।” जर्मनी से मोदी डेनमार्क के प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन के निमंत्रण पर कोपेनहेगन जाएंगे। वह डेनमार्क द्वारा आयोजित होने वाले दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यात्रा के द्विपक्षीय घटक में फ्रेडरिकसन के साथ-साथ क्वीन मार्गरेट द्वितीय के साथ एक मुलाकात का भी कार्यक्रम है। बयान में कहा गया, “यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री भारत-डेनमार्क व्यापार मंच के कार्यक्रम में भाग लेंगे और भारतीय प्रवासियों को भी संबोधित करेंगे।” विदेश मंत्रालय ने कहा, “चार मई को अपनी वापसी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री पेरिस में कुछ समय के लिए रुकेंगे और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलेंगे।” बयान में कहा गया, “भारत और फ्रांस इस साल अपने राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं और दोनों नेताओं के बीच बैठक रणनीतिक साझेदारी का अधिक महत्वाकांक्षी एजेंडा तय करेगी।

प्रमुख खबरें

Jamshedpur में सड़क हादसे में मंत्री Deepika Pandey Singh की बेटी समेत 4 की मौत

Asian Games 2026: 25 सितंबर को ट्रैक, कोर्ट और रिंग में उतरेगा भारत, देखें पूरा शेड्यूल

Bihar Govt ने बोर्ड व आयोगों के अध्यक्षों का वेतन बढ़ाकर 65000 रुपये किया

Federal Judge के आदेश के बाद White House में CNN और MS Now पत्रकारों की वापसी