By अंकित सिंह | May 18, 2024
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल द्वारा लगाए गए कथित हमले के आरोपों के सिलसिले में अपने सहयोगी विभव कुमार की गिरफ्तारी की आलोचना की। शनिवार को एक वीडियो बयान में केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर उनकी पार्टी को निशाना बनाने का आरोप लगाया और 19 मई को भाजपा मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। गौरतलब है कि केजरीवाल ने अपने वीडियो संदेश में स्वाति मालीवाल का जिक्र नहीं किया।
आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशी ने शनिवार को दावा किया कि उनकी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल अवैध भर्ती मामले में गिरफ्तारी का सामना कर रही हैं और उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने ‘ब्लैकमेल’ कर मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ साजिश का हिस्सा बनाया। मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है। आतिशी ने कहा कि कुमार द्वारा मालीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए 24 घंटे हो गए हैं और पुलिस ने अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ‘भाजपा का हथियार’ है और राष्ट्रीय राजधानी में लोकसभा चुनाव से पहले केजरीवाल को निशाना बना रही है। इसके जवाब में दिल्ली भाजपा ने आप नेताओं पर मालीवाल की छवि खराब करने के लिए काटछांट करके तैयार किये गये ‘संपादित’वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया।