By एकता | Sep 10, 2026
सोशल मीडिया पर इन दिनों 80s एआई फोटो ट्रेड तेजी से वायरल हो रहा है। इस ट्रेंड में लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मदद से अपनी मौजूदा फोटो को 1980 के दशक की तस्वीर में बदल रहे हैं। देखते ही देखते साधारण सेल्फी ऐसी तस्वीर में बदल जाती है, जैसे वह किसी पुराने फैमिली एल्बम या 80 के दशक के बॉलीवुड फोटोशूट से निकली हो।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी इस वायरल ट्रेंड का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने अपनी एआई से बनाई गई रेट्रो फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की और कैप्शन में लिखा, "80 के दशक के ट्रेंड का मजा ले रहे हैं।"
तस्वीर में पीयूष गोयल ग्रे कलर के सूट, सफेद शर्ट और एविएटर सनग्लासेज में नजर आ रहे हैं। फोटो को ऐसा लुक दिया गया है, जिससे यह बिल्कुल 80 के दशक की पुरानी तस्वीर जैसी लगती है। इसमें सेपिया टोन, फिल्म ग्रेन और हल्का फेडेड टेक्सचर इस्तेमाल किया गया है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने भी इस ट्रेंड को अपनाते हुए अपनी रेट्रो फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की।
एआई से तैयार तस्वीर में रिजिजू सनग्लासेज, ब्लेजर और खुली शर्ट में नजर आ रहे हैं। वह एक कार के पास पोज देते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा कि आखिर हर कोई 80 के दशक की यादों में क्यों लौट रहा है।
उन्होंने लिखा, "हर कोई 80 के दशक के वाइब्स की तरफ क्यों लौट रहा है? मैं भी 80 के दशक की यादों में खोने को मजबूर हो गया हूं।"
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी इस वायरल ट्रेंड से खुद को दूर नहीं रख पाए। उन्होंने भी एआई की मदद से अपनी 80s लुक वाली तस्वीर तैयार करवाई और सोशल मीडिया पर शेयर की।
फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "किसी ऐसे ट्रेंड की ओर लौटना जिससे पुरानी यादें जुड़ी हों। यानी 80 के दशक में वापसी!" इस तरह सोशल मीडिया पर नेताओं की ये एआई जनरेटेड तस्वीरें लोगों का ध्यान खींच रही हैं और 80 के दशक की यादें एक बार फिर ताजा हो रही हैं।
अगर आप भी अपनी फोटो को 1980 के दशक के अंदाज में बदलना चाहते हैं, तो इसके लिए चैटजीपीटी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए चैटजीपीटी खोलें और अपनी फोटो अपलोड करने के बाद नीचे दिया गया प्रॉम्प्ट इस्तेमाल करें।
Using my uploaded photo, show me what I would have looked like around 1985. Preserve my identity, facial features, skin tone, age, and recognizable appearance. Reimagine my hair, clothing, accessories, and surroundings with bold, unmistakably mid-1980s styling—expressive silhouettes, statement accessories, layered details, distinctive colors, and textures. Make it feel like a genuine 1985 photograph with analog grain, faded color, direct flash, and subtle softness. Add a period-accurate 1980s red-orange date stamp in the lower corner. No modern objects or text.
इस प्रॉम्प्ट के साथ अपनी फोटो अपलोड करने पर एआई आपकी पहचान और चेहरे की मुख्य विशेषताओं को बनाए रखते हुए बालों, कपड़ों, एक्सेसरीज और बैकग्राउंड को 1980 के दशक के हिसाब से बदलने की कोशिश करेगा।
इस ट्रेंड की सबसे बड़ी वजह पुरानी यादों का आकर्षण है। 80 के दशक का फैशन, बड़े हेयरस्टाइल, सनग्लासेज, ब्लेजर, कार और पुराने कैमरे जैसी चीजें आज की पीढ़ी के लिए भी काफी आकर्षक हैं।
एआई ने इस पूरे अनुभव को और आसान बना दिया है। अब किसी पुराने फोटोशूट या महंगे एडिटिंग सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं है। अपनी एक फोटो और सही प्रॉम्प्ट की मदद से कोई भी कुछ ही समय में खुद को 80s के अंदाज में देख सकता है। यही वजह है कि चैटजीपीटी 80s फोटो ट्रेंड अब सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।