By रितिका कमठान | Apr 25, 2024
लोकसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी चुनाव मैदान में उतरने जा रहे है। इस चुनाव में अखिलेश यादव भी अपना दम दिखाएंगे। लोकसभा चुनाव 2024 में अखिलेश यादव कन्नौज से अपनी उम्मीदवारी पेश करेंगे। वर्ष 2019 में अखिलेश आजमगढ़ से चुनाव लड़ चुके है। वर्तमान में अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल सीट से विधायक है।
जानकारी के मुताबिक अखिलेश यादव लखनऊ से निकल चुके हैं और कन्नौज के लिए रवाना हो गए है। वो अब कन्नौज से ही अपना पर्चा भरेंगे। समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बुधवार शाम को एक पोस्ट में कहा, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी कल अपराह्न 12 बजे कन्नौज लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से कल नामांकन दाखिल करेंगे।
इससे पहले इटावा में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के कार्यकर्ता सम्मेलन से इतर संवाददाताओं ने यादव से पूछा था कि कन्नौज से मौजूदा सपा प्रत्याशी तेज प्रताप सिंह ही चुनाव लड़ेंगे या वह खुद भी चुनाव लड़ सकते हैं, तो उन्होंने कहा, देखिए... जब नामांकन होगा तो आपको खुद पता लग जाएगा और हो सकता है कि नामांकन से पहले ही आपको जानकारी मिल जाए। इस सवाल पर कि कन्नौज के लोग चाहते हैं कि सपा अध्यक्ष खुद वहां से चुनाव लड़ें, यादव ने कहा था, सवाल कन्नौज की ऐतिहासिक जीत का है। कन्नौज अलग बात है लेकिन उससे ज्यादा जो जनता ने मन बनाया है उससे ‘इंडिया’ गठबंधन भविष्य बनकर आ रहा है और भाजपा इस चुनाव में इतिहास बन जाएगी।” उन्होंने कहा,“ जनता भाजपा के खिलाफ मतदान करने जा रही है। राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) हराएगा। इससे पहले कन्नौज लोकसभा सीट से सपा ने पिछले सोमवार को मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को इसी सीट से उम्मीदवार बनाया था। वर्ष 2014 से 2019 तक मैनपुरी से सांसद रहे तेज प्रताप राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद हैं और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भतीजे हैं।
अखिलेश यादव 2000 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार सांसद चुने गये थे। उसके बाद वह 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल निर्विरोध चुनी गयी थीं। वर्ष 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह भाजपा के सुब्रत पाठक से पराजित हो गयी थीं।अखिलेश यादव वर्तमान में करहल विधानसभा सीट से विधायक हैं और उप्र विधानसभा में नेता विपक्ष हैं।वह 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में करहल सीट से पहली बार विधायक बने थे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को मतदान होगा। इस सीट के लिये नामांकन बृहस्पतिवार 25 अप्रैल को शुरू होंगे।