QUAD ने महत्वपूर्ण खनिजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को प्रमुख पहल की शुरुआत की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 02, 2025

महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने और आपूर्ति शृंखलाओं को विविध बनाने के उद्देश्य से चार देशों के समूह ‘क्वाड’ ने मंगलवार को एक नई पहल ‘क्वाड क्रिटिकल मिनरल्स इनिशिएटिव’ की शुरुआत की। यह कदम आर्थिक सुरक्षा को मज़बूती देने की दिशा में एक व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जो चीन द्वारा कथित तौर पर इस क्षेत्र में मूल्य हेरफेर समेत अन्य दबावयुक्त रणनीतियों की चिंताओं के मद्देनज़र उठाया गया है।

हालांकि, इसमें सीधे तौर पर चीन का उल्लेख नहीं किया गया। बयान में कहा गया, ‘‘हम विविध और विश्वसनीय वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं के महत्व को रेखांकित करते हैं। किसी एक देश पर खनिजों के प्रसंस्करण और परिष्करण के लिए अत्यधिक निर्भरता, हमारे उद्योगों को आर्थिक दबाव, मूल्य हेरफेर और आपूर्ति शृंखला में व्यवधान के जोखिम में डालती है, जिससे हमारी आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा प्रभावित होती है।’’ बैठक के बाद जारी ‘फैक्ट शीट’ के अनुसार, क्वाड ने समुद्री कानून प्रवर्तन सहयोग का विस्तार करने की भी घोषणा की, जिससे समुद्री डकैती, मादक पदार्थों की तस्करी, सीमा सुरक्षा उल्लंघन और अवैध, गैर-पंजीकृत और अनियमित तरीके से मछली पकड़ने जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

इसमें बताया गया कि इस महीने ‘क्वाड-एट-सी शिप ऑब्जर्वर मिशन’ की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अवैध समुद्री गतिविधियों से निपटने के लिए परस्पर संचालन क्षमता और जानकारी साझा करने को बढ़ावा देना है। ‘फैक्ट शीट’ में उल्लेख किया गया कि इसी महीने क्वाड देशों की दूसरी समुद्री कानूनी वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य समुद्री कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है। ‘क्वाड क्रिटिकल मिनरल्स इनिशिएटिव’ के तहत विश्वसनीय आपूर्ति शृंखलाओं की सुरक्षा और विविधता सुनिश्चित करने के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट, महत्वपूर्ण खनिजों की पुनर्प्राप्ति और पुनःप्रसंस्करण जैसे प्राथमिकताओं पर सहयोग को मजबूत किया जाएगा। बयान में कहा गया, ‘‘यह पहल महत्वपूर्ण खनिजों के लिए आपूर्ति शृंखला लचीलापन उपायों पर क्वाड सहयोग को विस्तार देगी और हम निजी क्षेत्र के भागीदारों के साथ समन्वय कर निवेश में वृद्धि को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य करेंगे।

प्रमुख खबरें

Abhishek Banerjee के गढ़ Diamond Harbour में सिंघम का पहरा, TMC के विरोध के बावजूद एक्शन जारी

Gujarat के Godhra में Apexa Soni को मिली जीत, मुस्लिम बहुल क्षेत्र में हिंदू उम्मीदवार की जीत से सब आश्चर्यचकित

गाजियाबाद में भीषण अग्निकांड: गौर ग्रीन एवेन्यू में भड़की आग, 7 मंजिलें चपेट में आयी, CM योगी ने दिए सख्त निर्देश

हम न होते तो आप फ्रेंच बोल रहे होते, ट्रंप के बड़बोलापन पर किंग चार्ल्स ने दिलाई 250 साल पुराने इतिहास की याद