राहत इंदौरी का निधन मध्यप्रदेश, देश के लिए अपूरणीय क्षति है: शिवराज सिंह चौहान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 11, 2020

भोपाल।  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मशहूर शायर राहत इंदौरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘अपनी शायरी से लाखों-करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर शायर, हरदिल अज़ीज़ राहत इंदौरी का निधन मध्यप्रदेश और देश के लिए अपूरणीय क्षति है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों और चाहने वालों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।’’ मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राहत इंदौरी के निधन पर शोक-संदेश में कहा, ‘‘राहत इंदौरी उर्दू साहित्य की दुनिया का बड़ा नाम थे। उनकी शायरी की एक खास शैली थी। अपनी अलग शैली के लिए वे दुनिया भर में प्रसिद्ध थे।’’ उन्होंने कहा है कि ऐसे शायर का असमय निधन देश-प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘ख्यात शायर, प्रदेश ही नहीं देश की शान राहत इंदौरी साहब के दुःखद निधन का समाचार सुन कर मैं स्तब्ध हूँ। आज सुबह ही उनके अस्वस्थ होने का समाचार मिला। हम सभी ने दुआ की कि वे जल्द स्वस्थ हो लेकिन वो हमें यूँ अचानक, असमय छोड़ जाएँगे, यह विश्वास नहीं हो रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सामाजिक सद्भाव के वे हमेशा पक्षधर रहे। उन्होंने अपनी बेजोड़ शायरी से इंदौर शहर का नाम देश भर में रोशन किया। अदभुत कला के व्यक्तित्व राहत इंदौरी साहब के निधन पर मैं अपनी ओर से परिवार के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘देश ने एक प्रतिष्ठित शायर को खो दिया। राहत इंदौरी जी देश भक्त और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक थे। हम प्रभु से प्रार्थना करते हैं उन्हें जन्नत नसीब हो।’’ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट किया, ‘‘ये बेहद दु:खद खबर है कि देश और दुनिया में इंदौर की पहचान बनाने वाले मेरे मित्र राहत इंदौरी जी का निधन हो गया। उनकी शायरी को बहुत ज्यादा पसंद किया जाता था। वे कोरोना संक्रमित पाए गए थे। लेकिन, दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। ॐ शांति।’’ जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शायर के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि राहत इंदौरी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से गंगा-जमुनी तहजीब को बढ़ावा दिया है और देश-विदेश में इंदौर की एक नई पहचान बनाई है। इनके अलावा, मध्य प्रदेश के मंत्रियों- नरोत्तम मिश्रा, ऐदल सिंह कंषाना, बृजेन्द्र सिंह यादव एवं उषा ठाकुर ने भी इंदौरी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। कोरोना वायरस संक्रमण के इलाज के दौरान राहत इंदौरी का इंदौर में मंगलवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 70 वर्ष के थे।

प्रमुख खबरें

Donald Trump के Mail Voting आदेश को US Supreme Court से मिली हरी झंडी

Chhatarpur में Cyber Fraud गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 28 लाख की ठगी

US Colleges में Indian Students के आवेदन 15 प्रतिशत घटे, वीजा नियमों में सख्ती

Donald Trump चीन पर 7.5 फीसदी नया Tariff लगाने की तैयारी में, सस्ते सामान की डंपिंग बनी वजह