कोरोना महामारी के कम होने के साथ ही रेलवे ने मुंबई वासियों को नई सुविधा प्रदान करने का ऐलान किया है। दरअसल, पश्चिमी रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 8 नए अतिरिक्त वातानुकूलित एसी सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया है। आपको बता दें कि इन आठ एसी सेवाओं के शुरू होने के साथ ही एसी ईएमयू सेवाओं की संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी। वर्तमान में यह 12 है। जिन नई 8 सेवाओं को शुरू करने का निर्णय लिया गया है उनमें चार अप दिशा की ओर है जबकि चार डाउन की ओर है तथा 1-1 प्रत्येक अप और डाउन दिशाओं के लिए होगी।
हालांकि दो सेवाओं को रद्द करने का भी निर्णय लिया गया है। यह दोनों सेवाएं धीमी है। जिस सेवाओं को रद्द किया जा रहा है उनमें चर्चगेट और बांद्रा के बीच चलने वाली दो धीमी सेवाएं हैं। चर्चगेट से बांद्रा के लिए 9:07 पर जाने वाली लोकल ट्रेन तथा बांद्रा से चर्चगेट पर 9:45 पर जाने वाली लोकल ट्रेन को निरस्त किया गया है। वर्तमान में देखें तो पश्चिमी रेलवे की ओर से उपनगरीय सेवाओं की संख्या में लगातार इजाफा किया जा रहा है। इन 8 ट्रेनों के शुरू होने के साथ ही उपनगरीय सेवाओं की कुल संख्या 1367 से बढ़कर 1373 हो जाएगी।