By अंकित सिंह | Mar 14, 2023
राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के बयान को लेकर जबरदस्त बवाल जारी है। भाजपा ने आज उनके बयान पर राजस्थान में जगह-जगह प्रदर्शन किया। वहीं, राजस्थान के भाजपा प्रमुख सतीश पूनिया ने साफ तौर पर कहा कि रंधावा का बयान शहीदों का अपमान है। राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी दल के नहीं होते। अपने-अपने विचारों से सरकारें चुनी जाती हैं लेकिन कल का बयान(सुखजिंदर सिंह रंधावा) कांग्रेस की फितरत को प्रदर्शित करता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि रंधावा जी शहादत कभी सियासत नहीं होती। उन्होंने जिस तरह शहीदों का अपमान किया वो अक्षम्य है।
कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि हम घुसकर मारेंगे, तो पुलवामा कैसे हो गया? उसकी जांच कराएं। आजतक पता नहीं चल पाया कि जवान कैसे शहीद हो गए। कहीं चुनाव लड़ने के लिए तो ऐसा नहीं किया गया? दरअसल, सुखजिंदर सिंह रंधावा राजस्थान में कांग्रेस के प्रभारी हैं। इस साल राजस्थान में चुनाव होने हैं। राजस्थान में ही उन्होंने यह बयान दिया है। पिछले कई दिनों से जयपुर में भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा पुलवामा शहीदों की वीरांगनाओं के सम्मान के लिए आंदोलनरत हैं। यही कारण है कि पुलवामा हमले को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्म है।