राज्यवर्धन सिंह राठौर बोले- सत्ता हथियाने के लिए ‘झूठे वादे’ कर रही कांग्रेस और आप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 05, 2022

चंडीगढ़। वरिष्ठ भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता हथियाने के लिए पंजाब के लोगों से ‘झूठे वादे’ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन और वादों को पूरा करने के मामले में भाजपा का पुराना रिकॉर्ड रहा है। चंडीगढ़ में उन्होंने कहा कि यदि चुनाव में जीत मिली तो भाजपा नीत गठबंधन राज्य को विकास के पथ पर ले जाएगा। समाज के विभिन्न तबकों को चीजें ‘मुफ्त में देने’ के आप के वादे पर राठौर ने कहा कि वे पंजाब को कुछ नहीं देने जा रहे, बल्कि जो कुछ बचा है उसे भी निश्चित रूप से ले लेंगे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘’पंजाब पर तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज है, वे पंजाब को कुछ नहीं देने जा रहे, बल्कि जो कुछ बचा है उसे भी निश्चित रूप से ले लेंगे।’ ‘आप’ पंजाब से मादक पदार्थ की समस्या को मिटाने की बात कर रही है, लेकिन उन्होंने पार्टी की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा, ‘क्या आपने उनके फैसलों का पुराना रिकॉर्ड देखा है? दिल्ली में उन्होंने सूखे के दिनों को 21 से घटाकर तीन कर दिया और स्कूलों के नजदीक शराब की दुकानें खोल दीं।’’ 

इसे भी पढ़ें: भाजपा गठबंधन ने की 11 सूत्री संकल्प दस्तावेज की घोषणा, पुलिस बल में महिलाओं को आरक्षण देने का किया वादा

एक सवाल के जवाब में कहा कि पंजाब कांग्रेस की हालत सबको मालूम है, वे केवल किसी तरह सत्ता हथियाना चाहते हैं। राठौर ने कहा कि आप और कांग्रेस सत्ता हथियाने के लिए केवल झूठे वादे कर रही हैं। पंजाब विधानसभा के चुनाव 20 फरवरी को होंगे जिसमें भाजपा अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढिंढसा की अगुवाई वाली शिअद (संयुक्त) के साथ गठबंधन करके लड़ रही है। अमरिंदर सिंह को लेकर एक सवाल के जवाब में राठौर ने कहा, ‘‘पंजाब में उनका काफी सम्मान है, वह राष्ट्रवादी हैं। वह पार्टी नेतृत्व के थोपे गए फैसलों को नहीं मानते इसलिए उन्हें कांग्रेस ने पार्टी से निकाल दिया।

प्रमुख खबरें

भगवान कृष्ण दिन में 5 बार नमाज अदा करते थे, Maulana Jarjis Ansari ने फिर दिया विवादित बयान

राहुल गांधी का आरोप: BJP ने Uttarakhand को Paper Leak का एपिसेंटर बनाया

मौलाना ने भगवान श्री कृष्ण को बताया मुसलमान, कहा- पढ़ते थे 5 वक्त की नमाज, भड़के संत

सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने से किया इनकार, बोले- अगर मैं खा लूं तो क्या संदेश जाएगा?