भारत की आर्थिक तरक्की को Ram Mohan Naidu ने बताया 'मोदिनॉमिक्स' का नतीजा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बृहस्पतिवार को पिछले 12 वर्षों से अधिक समय में भारत की वृद्धि को ‘‘मोदिनॉमिक्स’’ से प्रेरित बताते हुए कहा कि देश आज अपनी आर्थिक यात्रा के निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित दो दिवसीय सीआईआई साझेदारी सम्मेलन के 31वें संस्करण के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि दुनिया को देशों के बीच भरोसे, सरकारों और उद्योगों के बीच विश्वास तथा ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो अनिश्चितता को अवसर में बदल सके। नायडू ने कहा, ‘‘आज भारत अपनी आर्थिक यात्रा के निर्णायक मोड़ पर खड़ा है।

दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी, तेजी से बढ़ते डिजिटल परिवेश और विनिर्माण, प्रौद्योगिकी तथा नवाचार के क्षेत्र में बढ़ती क्षमताओं के साथ भारत एक वैश्विक ताकत के रूप में उभर रहा है।’’ उन्होंने आज भारत में दिख रहे आत्मविश्वास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मजबूत और निर्णायक’’ नेतृत्व को दिया। नायडू ने कहा, ‘‘आज दुनिया भारत की बात कर रही है और उसकी आर्थिक वृद्धि, मजबूती तथा बढ़ते वैश्विक आत्मविश्वास को पहचान रही है। यहां मैं जिस शब्द का इस्तेमाल करना चाहता हूं, वह है ‘मोदिनॉमिक्स’ (मोदी+इक्नॉमिक्स)।

दुनिया ने अर्थशास्त्र देखा है, लेकिन भारत में आज इस वृद्धि के जरिये जो दिख रहा है, वह मोदिनॉमिक्स है।’’ उन्होंने कहा कि इन चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद मोदी ने देश को आत्मविश्वास, प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाया है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने कहा, ‘‘उनका विकसित भारत (2047) का दृष्टिकोण हम सभी के लिए केवल एक आर्थिक लक्ष्य नहीं है। यह 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में बदलाव लाने का राष्ट्रीय मिशन है।

उनके नेतृत्व में भारत नवाचार करने, विनिर्माण करने और नेतृत्व करने के लिए तैयार है।’’ उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में बहुत महत्वपूर्ण बदलाव हो रहा है। कृत्रिम मेधा, सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्र आर्थिक प्रतिस्पर्धा की परिभाषा बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश इस वृद्धि यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री (एन. चंद्रबाबू नायडू) के नेतृत्व में राज्य निवेश, विनिर्माण और नवाचार के लिए भारत के प्रमुख गंतव्यों में से एक के रूप में अपनी स्थिति बना रहा है।’’ नायडू ने साथ ही कहा कि नागर विमानन मंत्रालय वैश्विक दक्षिण के अधिकतर देशों, खासकर अफ्रीकी देशों और दक्षिण अमेरिकी देशों के साथ सीधा हवाई संपर्क स्थापित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई संपर्क बेहतर बनाने की कोशिश भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने प्रमुख ‘उड़ान’ योजना शुरू की है, जिसके घरेलू हवाई यात्रा पर पड़े प्रभाव की कई देशों ने सराहना की है।

मंत्री ने कहा, ‘‘हमने इस योजना को अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ा दिया है, जिसके लिए 30,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना का लक्ष्य देश में 100 नए हवाई अड्डे बनाना है।’’

प्रमुख खबरें

राजीव का वो फैसला और चमक गई गौतम अडानी की किस्मत, अब खुद बता दिया उनके बाद कौन होगा गद्दी का दावेदार

बिहार विधान परिषद भर्ती में अनियमितता का आरोप, Jan Suraaj Party ने की जांच की मांग

Kia India का बड़ा कदम, Andhra Pradesh में नया प्लांट लगाने पर 2 अरब डॉलर का निवेश करेगी

AIMIM और Azad Samaj Party के गठबंधन पर बरसी सपा, Congress ने बताया BJP का मददगार