By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और चंद्रशेखर आजाद नीत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की आलोचना करते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया है कि इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंचेगा। एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बृहस्पतिवार को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का औपचारिक ऐलान करते हुए कहा कि 2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे। मोर्चे ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता फखरूल हसन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि ओवैसी अपनी हर सभा में कहते थे कि अब्दुल (मुस्लिम) अब दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि मुख्यमंत्री भी बनेगा लेकिन अब उन्होंने अपने गठबंधन के सहयोगी चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। हसन ने कहा, ‘‘आखिर ओवैसी ने गठबंधन में किसी अब्दुल या हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिला को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया? दरअसल, ओवैसी की कथनी और करनी में अंतर है।’’ सपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि हर चुनाव में कुछ ऐसे दल भी आते हैं, जो ‘टूरिस्ट टाइप’ होते हैं और अपना काम करके चले जाते हैं।
उन्होंने ओवैसी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘हैदराबादी अब्दुल की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है।’’ भाजपा को हराने के लिए सपा और कांग्रेस के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ में शामिल होने की चंद्रशेखर आजाद की पेशकश पर प्रतिक्रिया देते हुए हसन ने कहा, ‘‘सवाल यह है कि क्या कोई इन लोगों का नेतृत्व स्वीकार करेगा? क्या उनकी ऐसी हैसियत है?’’ वहीं, एआईएमआईएम छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए आसिम वकार ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा डरी हुई है, लेकिन उसके पास ऐसे कई नेता हैं, जो जरूरत पड़ने पर उसके इशारे पर मैदान में उतरते हैं और पर्दे के पीछे से उसके लिए काम करते हैं।’’ वकार ने उत्तर प्रदेश के लोगों, खासकर मुस्लिम समुदाय से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा, ‘‘कहीं ऐसा न हो कि इस बार भी आप भाजपा के छलावे में आ जाएं और अनजाने में उसे फिर से सत्ता में पहुंचा दें।’’ उन्होंने गठबंधन की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया, ‘‘मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इस गठबंधन की पूरी लगाम पर्दे के पीछे अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) के हाथों में है।
अमित शाह जैसे लगाम खींचेंगे, गठबंधन वैसे ही काम करेगा।’’