By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 30, 2019
नयी दिल्ली। भारत के ऑल राउंडर रविंद्र जडेजा ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करने के लिये सरकार का शुक्रिया अदा किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें क्रिकेट के मैदान पर देश के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ करने के लिये प्रेरित करेगा। जडेजा उन 19 खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्हें इस साल अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।
जडेजा ने बीसीसीआई के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट वीडियो संदेश में कहा कि पहले तो मैं भारत सरकार का शुक्रिया करना चाहूंगा जिन्होंने मुझे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। मैं अन्य विजेताओं को भी बधाई देना चाहूंगा। उन्होंने अपने अपने खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है।
इसे भी पढ़ें: श्रीलंकाई क्रिकेटर अजंता मेंडिस ने खेल के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास
वह गुरूवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर गुरूवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के मौके पर उपस्थित नहीं हो सके क्योंकि वह भारतीय टीम के साथ वेस्टइंडीज में हैं। उन्होंने कहा कि मैं जब भी भारत के लिए खेलता हूं, मेरा प्रयास हमेशा भारतीय टीम और अपने देश की प्रतिष्ठा में इजाफ करने का होगा। मैं हमेशा टीम के लिए मैच जीतने और देश को गौरवान्वित करने की कोशिश करूंगा।