By रेनू तिवारी | Jul 31, 2025
दिल्ली के नरेला में एक बार फिर से प्यार में धोखा और फिर दर्दनाक हत्या कर देने का मामला सामने आया है। लंबे समय से रिलेशनशिप में रहे दिल्ली के एक कपल के प्यार का अंजाम एक धोखे का साथ हुआ। लंबे समय से साथ रह रहे कपल के बीच तब कलह मची जब लड़के के परिवार ने अपने बेटे के लिए लड़की देखनी शुरू कर दी। लड़का अप अपनी प्रेमिका से छुटकारा पाना चाहता था। दोनों के बीच झगड़ा हुआ और लड़के ने अपनी गर्लफ्रेंड को छठी मंजिल से धक्का मार दिया। आइये जानते हैं पूरा मामला-
अधिकारी ने बताया कि दीपक नोएडा की एक कंपनी में काम करता था और हाल ही में उसने दिल्ली के कोंडली में नयी नौकरी शुरू की थी। उन्होंने कहा कि वह नरेला में एक फ्लैट में छठी मंजिल पर रहता था जहां साधना अकसर उससे मिलने आती थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना से एक दिन पहले वह दीपक के फ्लैट पर आई थी। उसे पता चला कि दीपक के माता-पिता ने उसकी शादी के लिए कुछ दिन पहले एक लड़की देखी है। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई जो बाद में झगड़े में बदल गई और इसी दौरान दीपक ने कथित तौर पर उसे बालकनी से नीचे धक्का दे दिया।’’
पुलिस को इलाके में एक घर के बाहर महिला के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर साधना सिंह मृत पाई गईं। उन्होंने बताया कि महिला का शव लहूलुहान मिला जिस पर शारीरिक प्रताड़ना के निशान थे और उसके कपड़े भी फटे हुए थे। बाहरी उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है तथा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।