गोपनीय सैन्य जानकारी साझा करने पर Tamil Nadu में पूर्व Army Captain बाबू पी गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026

तमिलनाडु के वेल्लोर में भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त कैप्टन को ‘व्हाट्सऐप’ पर एक अज्ञात महिला को कथित तौर पर गोपनीय सैन्य जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, एक सूचना के बाद गिरफ्तार किए गए 52 वर्षीय पूर्व सैन्य अधिकारी की पहचान बाबू पी के रूप में हुई है।

सेवानिवृत्ति के बाद वह जिले में कणियंबाडी के पास कीझवल्लम गांव में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि करीब एक साल पहले व्हाट्सऐप पर एक महिला ने उससे संपर्क किया था। उसने दावा किया था कि वह रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की एक परियोजना पर काम कर रही है।

समय के साथ दोनों के बीच बातचीत व्यक्तिगत हो गई और वीडियो कॉल भी होने लगीं। आरोप है कि महिला ने डीआरडीओ की परियोजना के बहाने उनसे संवेदनशील सैन्य जानकारी मांगी। बाबू ने कथित तौर पर अपने पास उपलब्ध जानकारी उसे दी और उसके अनुरोध पर अतिरिक्त जानकारी जुटाने के लिए सेवारत और सेवानिवृत्त सहकर्मियों के साथ-साथ सेना के कार्यालयों से भी संपर्क किया।

पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। केंद्रीय खुफिया अधिकारियों ने दो दिन तक संयुक्त पूछताछ करने के बाद बाबू को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, बाबू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3(1)(सी) तथा 5(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उसे हिरासत में शनिवार को वेल्लोर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।

प्रमुख खबरें

New Delhi में BRICS Parliamentary Forum शुरू, 11 सदस्य देशों के साथ AI और सतत विकास पर होगी चर्चा

Sultanpur Court ने खारिज किया मानहानि केस, Rahul Gandhi के वकील ने फैसले का किया स्वागत

84 साल के हैं खड़गे, PM Modi पर बयान का TMC सांसद Saugata Roy ने किया बचाव

शाहजहांपुर के Vinay Agarwal ने कराई 101 कन्याओं की शादी, खुद उठाते हैं पूरा खर्च