By अंकित सिंह | Nov 24, 2021
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव इन दिनों अपने गृह राज्य में हैं। हालांकि, वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हैं। बावजूद इसके उनका उत्साह लोगों को दिखाई दे रहा है। आज लालू यादव ने कई सालों बाद अपनी गाड़ी चलाई। लालू यादव ने इसका वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर भी साझा किया है। अपने ट्वीट के साथ लालू यादव ने लिखा कि आज वर्षों बाद अपनी प्रथम गाड़ी को चलाया। इस संसार में जन्मे सभी लोग किसी ना किसी रूप में ड्राइवर ही तो है। आपके जीवन में प्रेम, सद्भाव, सौहार्द, समता, समृद्धि, शांति, सब्र, न्याय और खुशहाली रूपी गाड़ी सबको साथ लेकर सदा मजे से चलती रहे।
भले ही लालू यादव और राजनीति से दूर चल रहे हैं। लेकिन ट्वीट के जरिए वह लगातार अपनी सक्रियता को दिखाने की कोशिश करते हैं। केंद्र के मोदी सरकार और बिहार के नीतीश सरकार पर लगातार आरोप लगाते हैं। इसके साथ ही वह विपक्ष के नेताओं से लगातार मिलते जुलते रहते हैं और इसकी फोटो अपने ट्विटर पर साझा भी करते हैं। हाल में ही लालू यादव ने बिहार में शराबबंदी को लेकर नीतीश कुमार को आड़े हाथ लिया था।