रोजर बिन्नी ने BCCI अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा, सचिव बने रह सकते हैं शाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 11, 2022

नयी दिल्ली। भारत की 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे रोजर बिन्नी ने मंगलवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा और उनके इस शीर्ष पद पर निर्विरोध चुने जाने की उम्मीद है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने यह जानकारी दी। बेंगलुरू के रहने वाले 67 वर्षीय बिन्नी पद के लिए नामांकन भरने वाले अब तक एकमात्र उम्मीदवार हैं और अगर कोई और उम्मीदवार दावेदारी पेश नहीं करता है तो 18 अक्टूबर को मुंबई में होने वाली बोर्ड की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में वह सौरव गांगुली की जगह बीसीसीआई अध्यक्ष बनेंगे। एक सूत्र ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से चल रही गहमागहमी के बाद यह फैसला किया गया कि बिन्नी बोर्ड के 36वें अध्यक्ष होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह ने भी नामांकन दायर किया है तथा अगर कोई और उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरता है तो वह लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए बीसीसीआई सचिव बने रहेंगे।

इसे भी पढ़ें: भारत के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने दिया ट्रोलर को करारा जवाब, बुलाया था असफल क्रिकेटर

बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा,‘‘ रोजर एक अच्छे इंसान हैं जिन्होंने भारत की तरफ से खेलते हुए देश का मान बढ़ाया। वह विश्व कप के नायक हैं और उनकी छवि साफ-सुथरी है। लोढा समिति ने जब हितों के टकराव की बात कही थी तो उन्होंने चयन समिति से इस्तीफा दे दिया था।’’ बीसीसीआई पदाधिकारियों में शामिल एकमात्र कांग्रेसी शुक्ला अगर चुने जाते हैं तो बोर्ड के उपाध्यक्ष बने रहेंगे। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के छोटे भाई धूमल अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चेयरमैन होंगे। वह बृजेश पटेल की जगह लेंगे। धूमल अभी कोषाध्यक्ष हैं। महाराष्ट्र में भाजपा के नेता आशीष शेलार बोर्ड के नए कोषाध्यक्ष होंगे जिसका मतलब है कि वह मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) का अध्यक्ष नहीं बन पाएंगे। उन्हें शरद पवार गुट के समर्थन से यह भूमिका निभानी थी। शुक्ला ने बताया, ‘‘जब वह (शेलार) कोषाध्यक्ष बनेंगे तो उन्हें एमसीए अध्यक्ष पद से अपना नामांकन वापस लेना होगा।’’ असम के मुख्यमंत्री हिमांता बिस्वा सरमा के करीबी देवजीत सैकिया के नया संयुक्त सचिव बनने की उम्मीद है। वह जयेश जॉर्ज की जगह लेंगे। बीसीसीआई आईसीसी चेयरमैन के लिए चुनाव लड़ेगा या नहीं इस पर अभी फैसला नहीं किया गया है। 

इसे भी पढ़ें: जय शाह हो सकते हैं सौरव गांगुली के उत्तराधिकारी, संभालेंगे BCCI अध्यक्ष पद की कुर्सी

शुक्ला ने कहा कि एजीएम के दौरान इस पर चर्चा होगी। सोमवार की शाम को मुंबई पहुंचने वाले गांगुली ने पिछले हफ्ते दिल्ली में कई प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ बातचीत की। गांगुली बीसीसीआई अध्यक्ष पद पर बने रहने के इच्छुक थे लेकिन उन्हें बताया गया कि बोर्ड अध्यक्ष पद को दूसरा कार्यकाल देने का चलन नहीं है। बीसीसीआई सूत्रों ने कहा,‘‘ सौरव को आईपीएल के चेयरमैन पद की पेशकश की गई थी लेकिन उन्होंने बड़ी शालीनता से इसे नामंजूर कर दिया। उनका तर्क था बीसीसीआई अध्यक्ष बने रहने के बाद वह उसकी उप समिति का प्रमुख नहीं बन सकते। उन्हें पद पर बने रहने में दिलचस्पी दिखाई थी।’’ धूमल के मामले में निर्णयकर्ताओं ने गांगुली के फैसले का इंतजार किया और जब उन्होंने आईपीएल चेयरमैन बनने से इनकार कर दिया तो उन्होंने हिमाचल प्रदेश के रहने वाले धूमल को यह पद सौंप दिया। गांगुली के हटने के बाद अब पूर्वी क्षेत्र के प्रतिनिधि को लेकर फैसला असम के मुख्यमंत्री बिस्वा सरमा के हाथों में था क्योंकि उन्हें पिछली बार भी इसमें अहम भूमिका निभाई थी।

प्रमुख खबरें

Maharashtra Drought: सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए 8 महीने की योजना बनाएगी सरकार, केंद्र से मांगेगी राहत

Udayveer Sidhu ने काहिरा में ISSF World Cup 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता गोल्ड मेडल

Elon Musk बोले: भारत में Starlink की सेवाएं सस्ती रखनी होंगी, प्रतिस्पर्धा से नागरिकों को मिलेगा फायदा

PM Narendra Modi ने CM Vijay संग किया Chennai Metro चरण दो का उद्घाटन