रोहित, विनेश समेत पांच खिलाड़ी बनेंगे खेल रत्न, 29 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार, जानिए सभी के नाम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 18, 2020

नयी दिल्ली। स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फोगाट और महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल सहित पांच खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश इस साल के राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार जबकि 29 खिलाड़ियों की अर्जुन पुरस्कार के लिये की गयी है। खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय चयन समिति ने मंगलवार को यह सिफारिश की। टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता ऊंची कूद के एथलीट मरियप्पन थंगवेलु के नाम भी सिफारिश भी देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिये की गयी है। पहले चार खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गयी थी लेकिन बाद में इसमें रानी रामपाल का नाम भी जोड़ दिया गया। 

इस पर अंतिम फैसला खेल मंत्री किरेन रीजीजू को करना है। इससे पहले 2016 में चार खिलाड़ियों बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू, जिम्नास्ट दीपा करमाकर, निशानेबाज जीतू राय और पहलवान साक्षी मलिक को एक साथ यह पुरस्कार दिया गया था। तैतीस वर्षीय रोहित खेल रत्न पाने वाले केवल चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, हाल में संन्यास लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी और वर्तमान कप्तान विराट कोहली यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। तेंदुलकर पहले भारतीय क्रिकेटर थे जिन्हें 1998 में खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था। धोनी को 2007 और कोहली को 2018 में भारोत्तोलक मीराबाई चानू के साथ यह पुरस्कार मिला था। समिति में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी शामिल थे। 

इसे भी पढ़ें: भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा समेत 29 खिलाड़ियों के नाम की अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश 

उसकी यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में बैठक हुई जिसके बाद नामों को अंतिम रूप दिया गया। रोहित को जहां उनकी शानदार बल्लेबाजी के कारण पुरस्कार के लिये चुना गया वहीं विनेश को 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और 2019 में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के लिये इस पुरस्कार के लिये नामित किया गया। विनेश ने इसे अपने करियर के लिये सबसे महत्वपूर्ण क्षण बताया और वादा किया कि वह इस पुरस्कार से जुड़ी उम्मीदों पर खरी उतरेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिये गौरवशाली क्षण है। मैं लंबे समय से इसका इंतजार कर रही थी और इंतजार का फल मीठा रहा। अगर ईश्वर ने चाहा तो मैं इस पुरस्कार से जुड़ी उम्मीदों पर खरी उतरने की कोशिश करूंगी। ’’

थंगवेलु को 2016 रियो ओलंपिक खेलों में टी42 ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतने के लिये पुरस्कार दिया गया है। टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका के नाम की सिफारिश 2018 में उनके शानदार प्रदर्शन के लिये की गयी है। उन्होंने उस वर्ष राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। रानी केवल तीसरी और पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जिनके नाम की सिफारिश इस सम्मान के लिये की गयी है। रानी से पहले धनराज पिल्लै (2000) और सरदार सिंह (2017) को खेल रत्न पुरस्कार मिला था। एक करीबी सूत्र ने  कहा, ‘‘रानी का नाम बाद में इसलिए जोड़ा गया क्योंकि कुछ सदस्य उनके नामांकन पर चर्चा चाहते थे। काफी विचार विमर्श के बाद हर किसी को लगा कि वह अपनी उपलब्धियों के कारण इस सम्मान की हकदार है। ’’ देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार खेल रत्न के लिये एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 की उपलब्धियों पर विचार किया गया। 

इसे भी पढ़ें: साहित्य का नोबेल पाने वाले प्रथम भारतीय थे रविन्द्रनाथ टैगोर 

इस दौरान रानी की अगुवाई में भारतीय टीम ने महिला एशियाई कप 2017 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की तथा 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक जीता। रानी ने एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर्स में भी अहम भूमिका निभायी तथा निर्णायक गोल किया जिससे भारत को तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने में मदद मिली। यही नहीं टीम इस बीच अपनी सर्वश्रेष्ठ नौवीं रैंकिंग पर पहुंची। इस साल के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का आयोजन कोविड-19 महामारी के कारण वर्चुअल होने की संभावना है। विजेता अपने संबंधित क्षेत्रों से लॉग इन करके 29 अगस्त को इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। आम तौर पर इनका आयोजन राष्ट्रपति भवन में होता रहा है। 

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। खेल रत्न में पदक, प्रमाणपत्र और 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार में पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार तथा महाभारत के नायक अर्जुन की प्रतिमा दी जाती है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में कोचिंग के लिये द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार भी दिये जाते हैं। प्रत्येक वर्ष राष्ट्रपति इन पुरस्कारों से खिलाड़ियों को सम्मानित करते हैं। 

इसे भी पढ़ें: ‘सन राइज’ और ‘मूथोन’ ने न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में जीते पुरस्कार 

पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है:-

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार: रोहित शर्मा (क्रिकेट), विनेश फोगाट (कुश्ती), मनिका बत्रा (टेबल टेनिस), रानी रामपाल (हॉकी), मरियप्पन थंगवेलु (पैरा एथलीट)। 

अर्जुन पुरस्कार: इशांत शर्मा (क्रिकेट), अतनु दास (तीरंदाजी), दीपक हुड्डा (कबड्डी), दीपक ठाकुर (हॉकी), दिविज शरण (टेनिस), मीराबाई चानू (भारोत्तोलन), साक्षी मलिक (कुश्ती), आकाशदीप सिंह (हॉकी) , लोवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी), मनु भाकर (निशानेबाजी), सौरभ चौधरी (निशानेबाजी), मनीष कौशिक (मुक्केबाजी), संदेश झिंगन (फुटबॉल), दत्तू भोकानल (रोइंग), राहुल अवारे (कुश्ती), दुती चंद (एथलेटिक्स), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), शिवा केशवन (शीतकालीन खेल), मधुरिका पाटकर (टेबल टेनिस), मनीष नरवाल (पैरा निशानेबाज), संदीप चौधरी (पैरा एथलीट), सुयश जाधव (पैरा तैराक), चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (बैडमिंटन), विशेष भृगुवंशी (बास्केटबॉल), अजय सावंत (टेंट पेगिंग), अदिति अशोक (गोल्फ), काले सारिका (खो खो), दिव्या काकरान (कुश्ती)।

प्रमुख खबरें

UP में 50 हजार छात्राओं को Scooty देंगे CM Yogi Adityanath, अक्टूबर में वितरण

Asian Games में जगह की कमी, OCA ने भारत समेत अन्य देशों को दल सीमित रखने को कहा

Top 10 Breaking News 26 August 2026 | Islamabad Hospital Fire | Operation Economic Outcast | US-Saudi Nuclear Deal | आज की मुख्य सुर्खियाँ यहां विस्तार से पढ़ें

Akhilesh Yadav का ऐलान: 2027 UP Election में महिलाओं को BJP से ज्यादा टिकट देगी सपा