Vistara Flight Bomb Threat | बम रखे होने की सूचना निकली अफवाह, विस्तार की उड़ान में आठ घंटे की देरी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 18, 2023

नयी दिल्ली। विस्तार एआरलाइंस की दिल्ली-पुणे उड़ान में बम रखे होने की सूचना के चलते यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब आठ घंटे की देरी हुई। सुरक्षा सूत्रों और पुलिस ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि बम खतरा आकलन समिति ने सुबह 7:38 बजे मिली बम रखे होने की सूचना को अपराह्न 2:15 बजे अफवाह घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि व्यापक सुरक्षा जांच के बाद एअरलाइन को विमान के उपयोग के लिए सुरक्षा मंजूरी जारी कर दी गई।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली : कल्याणपुरी निवासी महिला ने ससुर पर दुष्कर्म तथा पति पर मारपीट का आरोप लगाया

अधिकारी ने कहा, यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और हमने विमान की अंदर और बाहर से जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच जारी है। हवाई अड्डे के सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि हवाई अड्डे के कॉल सेंटर को सुबह 7:38 बजे एक फोन आया और फोन करने वाले ने कहा कि गेट नंबर 42 पर खड़ी उड़ान संख्या यूके971 में तीन बम रखे गए हैं और वे एक घंटे में फट जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके तुरंत बाद फोन कट गया। उन्होंने कहा कि उड़ान के सभी यात्रियों और चालक दल को विमान से उतार दिया गया तथा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ‘आइसोलेशन बे’ में विमान में तलाशी अभियान चलाया गया। सूत्रों ने बताया कि इसके तुरंत बाद बम खतरा मूल्यांकन समिति (बीटीएसी) की बैठक बुलाई गई और सीआईएसएफ ने बम का पता लगाने वाले उपकरणों एवं खोजी कुत्तों की मदद ली तथा यात्रियों के सामान को दोबारा जांच के लिए भेजा गया।

‘विस्तार’ ने अपने बयान में कहा कि उसने सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग किया। इसने कहा, हम पुष्टि करते हैं कि 18 अगस्त 2023 को दिल्ली-पुणे उड़ान यूके971 अनिवार्य सुरक्षा जांच के कारण विलंबित है। एअरलाइन ने कहा, इस बीच, हम अपने ग्राहकों को जलपान उपलब्ध कराने सहित असुविधा को कम करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

वैवाहिक विवादों में कानून के दुरुपयोग पर Allahabad High Court सख्त, आगरा में दर्ज FIR रद्द

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, Akhilesh Yadav बोले निष्पक्ष संस्था पर भाजपा का दबाव

MP OBC Quota: 27 फीसदी आरक्षण रद्द करने के आदेश के खिलाफ Supreme Court जाएगी Congress

दिल्ली अदालत का फैसला: Sharjeel Imam की अंतरिम जमानत रद्द करने से इनकार