शिअद के वयोवृद्ध नेता प्रकाश सिंह बादल 13वीं बार लड़ेंगे चुनाव, लांबी से आजमा रहे अपनी किस्मत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 08, 2022

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वयोवृद्ध नेता प्रकाश सिंह बादल 13वीं बार चुनाव मैदान में हैं और पंजाब विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव में लांबी सीट से किस्मत आजमाएंगे। बादल की उम्र 94 साल है। पार्टी नेता और उनके करीबी सहयोगी तेजिंदर सिंह मुद्दुखेड़ा ने कहा, ‘‘पहले भी पार्टी का स्थानीय नेतृत्व लांबी में चुनाव प्रचार का कार्य देखता था और (प्रकाश सिंह) बादल साहब पूरे राज्य में चुनाव प्रचार करने में व्यस्त रहते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम बादल साहब के नियमित संपर्क में हैं।’’ 

इसे भी पढ़ें: भाजपा गठबंधन ने की 11 सूत्री संकल्प दस्तावेज की घोषणा, पुलिस बल में महिलाओं को आरक्षण देने का किया वादा 

उल्लेखनीय है कि 20 फरवरी को पंजाब विधानसभा के लिए मतदान होगा और मुक्तसर जिले की लांबी सीट से बादल किस्मत आजमा रहे हैं। शिअद नेता और बादल की बहू हरसिमरत कौर बादल ने उनके लिए निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार किया है। इसी प्रकार इंडियन नेशनल लोकदल (इनोलो) के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला भी प्रकाश सिंह बादल को दोबारा जिताने की अपील कर रहे हैं। लंबे समय से मित्र रहे 87 वर्षीय नेताचौटाला ने कहा कि उनकी और प्रकाश सिंह बादल की राजनीति हमेशा से जनता के कल्याण के ईर्द गिर्द रही। 

इसे भी पढ़ें: क्या पंजाब से बदला ले रहे हैं प्रधानमंत्री ? कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप 

शिअद के मुताबिक पार्टी नेताओं के आग्रह पर बादल ने बढ़ती उम्र और हाल में कोविड-19 से संक्रमित होने के बावजूद चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया। उनके बेटे सुखबीर सिंह बादल इस समय पार्टी के अध्यक्ष हैं। प्रकाश सिंह बादल को पिछले महीने ही लुधियाना स्थित अस्पताल से छुट्टी मिली थी जहां पर वह कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद भर्ती थे। इसके साथ ही उन्होंने सबसे उम्रदराज उम्मीदवार होने के केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंद के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। माकपा नेता अच्युतानंद ने वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में 92 साल की उम्र में चुनाव लड़ा था। प्रकाश सिंह बादल 11 बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं और वह 13वीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। वह सबसे पहले वर्ष 1957 में मलौट सीट से चुनाव लड़े थे।

प्रमुख खबरें

तापीय बिजली संयंत्रों के पास मानक के मुकाबले 68 प्रतिशत कोयले का भंडार: सरकारी आंकड़ा

इस सप्ताह तीन कंपनियां लाएंगी IPO, 6,400 करोड़ रुपये जुटने की उम्मीद

दो साल में आवास ऋण बकाया 10 लाख करोड़ रुपये बढ़ा : RBI आंकड़े

Modi के 400 पार के नारे के साथ दिखी Mumbai की जनता, जताया जीत का विश्वास