By अंकित सिंह | Aug 03, 2021
कोरोना वायरस की वर्तमान स्थिति को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जानकारी दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने साफ तौर पर कहा कि फिलहाल कोरोना वायरस की दूसरी लहर खत्म नहीं हुई है। इसे नियंत्रित करना पहली चुनौती है। एक संवाददाता सम्मेलन में अग्रवाल ने कहा कि देश में अभी भी कोविड की दूसरी लहर ख़त्म नहीं हुई है। प्रतिदिन 30 हज़ार से ज़्यादा मामले सामने आ रहे हैं। अभी भी हमें दूसरी लहर को सबसे पहले नियंत्रण करना है।
लव अग्रवाल ने आगे कहा कि देश में अब तक 47.85 करोड़ कोविड वैक्सीन की डोज़ दी जा चुकी है। इसमें से 37.26 करोड़ वैक्सीन की पहली डोज़ दी गई और 10.59 करोड़ दूसरी डोज़ के रूप में दी जा चुकी है।