By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रतापगढ़ के बेंती गांव में प्रस्तावित कथा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर हाल में की गई कथित विवादित टिप्पणियों के कारण धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने मंगलवार को बताया कि कुंडा तहसील के बेंती गांव में कुंडा के विधायक एवं जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ने 17 नवंबर से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एएसपी ने बताया कि बेंती में 17 से 20 नवंबर तक कथा प्रस्तावित है।
समाजवादी पार्टी की ओर से कथित विरोध किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक किसी ने खुलकर विरोध नहीं किया है। यदि कोई कार्यक्रम में बाधा डालने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कथा स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल के बयान से इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। सांसद ने विधायक रघुराज प्रताप सिंह को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कथा के लिए आमंत्रित नहीं करने की सलाह देते हुए उन्हें विवादित कथावाचक बताया है। सांसद ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आए दिन मंच से सनातन विरोधी बयान देते रहते हैं।
उन्होंने कहा, हम लोग ईश्वर, कथा और भागवत में आस्था रखते हैं, लेकिन सनातन के विरोध में बयानबाजी करने वाले कथाकारों का विरोध करेंगे। सांसद के इस बयान के बाद जनसत्ता दल के पदाधिकारियों में नाराजगी देखी जा रही है।