बिहार विधानपरिषद उपचुनावः शाहनवाज़ हुसैन और मुकेश साहनी दाखिल करेंगे नामांकन पत्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 18, 2021

पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन और प्रदेश के मंत्री मुकेश सहनी बिहार विधान परिषद उपचुनाव में राजग उम्मीदवार होंगे। बिहार में विधान परिषद के लिए होने वाले उपचुनाव में मैदान में उतरे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने रविवार को कहा कि वह राज्य में पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं। हुसैन जो पूर्व में लगातार दो बार लोकसभा में भागलपुर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, बिहार विधान परिषद के लिए नामांकन के लिए कहलगांव से पटना के लिए रवाना होने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे, वह सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं। 

भाजपा सूत्रों के मुताबिक हुसैन को पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी द्वारा खाली की गई सीट से मैदान में उतारा गया है।भाजपा नेता और पूर्व मंत्री बिनोद नारायण झा के बिहार विधानसभा के लिए चुने जाने के कारण परिषद की एक अन्य सीट के लिए उपचुनाव होना है। पार्टी ने राज्य मंत्री और विकासशील इन्सान पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश सहनी को इस सीट से मैदान में उतारने का फैसला किया है। हुसैन जिस सीट के लिए नामांकन दाखिल करेंगे, उसका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो रहा है। इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने वाले हुसैन ने 1999 में 31 साल की उम्र में किशनगंज से लोकसभा में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। 

इसे भी पढ़ें: नीतीश के गुस्से को तेजस्वी ने बताया हास्यास्पद, कहा- क्राइम कैपिटल ऑफ द कंट्री होता जा रहा है बिहार 

इस बीच बॉलीवुड में सेट डिजाइनर से नेता बने मुकेश सहनी ने अपने ट्विटर हैंडल पर खुलासा किया कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उम्मीदवारी के संबंध में सूचित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस सम्मान के लिए अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजग के सभी नेताओं का आभारी हूं। मैं अपना नामांकन पत्र कल 18 जनवरी को दाखिल करूंगा।’’ सहनी पिछले साल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले विपक्षी महागठबंधन से नाता तोडकर राजग में शामिल हुए थे। उनकी पार्टी को भाजपा ने अपने कोटे से 11 सीटें दी थी जिसमें से चार सीटें जीतने में विकासशील इंसान पार्टी सफल रही थी हालांकि सहनी खुद हार गए थे।

प्रमुख खबरें

West Asia संकट के बावजूद Akasa Air की ऊंची उड़ान, 30% कैपेसिटी बढ़ाने का Mega Plan

Infosys की AI से अरबों की कमाई, Nandan Nilekani का बड़ा दावा- Technology नौकरियां नहीं छीनेगी

Vedanta में बड़ी Block Deal से हड़कंप, Share Price 8% लुढ़का, निवेशकों में मची खलबली।

Hockey Thriller: India ने Pakistan को 4-3 से हराया, London में अंतिम पलों तक चला रोमांच।