Share Market में उछाल, पर Dollar के मुकाबले Rupee पस्त, शुरुआती कारोबार में 94.81 पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 29, 2026

रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे टूटकर 94.81 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और महीने के अंत में डॉलर की मांग में वृद्धि के साथ-साथ सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर व्यापक रुझान ने निवेशकों के विश्वास को प्रभावित किया है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.79 पर खुला। फिर थोड़ा फिसलकर शुरुआती कारोबार में 94.81 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 13 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

रुपया मंगलवार को 53 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.68 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.67 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 358.92 अंक चढ़कर 77,245.83 अंक पर जबकि निफ्टी 101.2 अंक की बढ़त के साथ 24,096.90 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.21 प्रतिशत गिरावट के साथ 111.03 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,103.74 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

प्रमुख खबरें

Amit Shah का निजी सचिव बनकर ठगी करने वाला ओडिशा में अरेस्ट

परिसीमन से बिना वोट बदले प्रभावित हो सकते हैं चुनाव नतीजे: Yogendra Yadav

Russia Ukraine War: हवाई हमलों में 6 की मौत, Moscow का 1,000 से अधिक यूक्रेनी Drone गिराने का दावा

Gorakhpur में Yogi Adityanath ने विकास कार्यों की समीक्षा की, तय समय पर काम पूरा करने का आदेश