Russia Ukraine War: हवाई हमलों में 6 की मौत, Moscow का 1,000 से अधिक यूक्रेनी Drone गिराने का दावा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

यूक्रेन और रूस में हुए हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 20 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। वहीं, मॉस्को ने कहा कि उसने लगातार दूसरी रात यूक्रेन के 1,000 से अधिक ड्रोन मार गिराए हैं। रूस और यूक्रेन ने हाल के महीनों में अपने हवाई हमलों को तेज कर दिया है, जबकि वे युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत भी कर रहे हैं।

यह युद्ध लगभग पांच साल पहले शुरू हुआ था, जब मॉस्को ने अपने पड़ोसी देश पर बड़े पैमाने पर हमला किया था। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यूक्रेन में रूसी हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई। क्षेत्रीय प्रमुख नतालिया जबोलोत्ना के अनुसार, विन्नित्सिया क्षेत्र में हुए रूसी हमले में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।

हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि हमला किस तरह का था, लेकिन कहा कि एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है और दो मिनीबस में आग लग गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, ओडेसा क्षेत्र में एक हमले के कारण 14 मंजिला अपार्टमेंट की चौथी और पांचवीं मंजिल में आग लग गई और कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।

यूक्रेन की राजकीय आपात सेवा ने बताया कि इसी क्षेत्र में खिलौनों तथा घरेलू सामान वाले गोदामों में भीषण आग लग गई, जिसमें दो और लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय गवर्नर इवान फेडोरोव ने बताया कि जापोरिज़िया के शहर के केंद्र में हवाई हमले के बाद, बचाव कर्मियों ने मलबे से 14 साल की एक लड़की को जीवित बाहर निकाला। इस हमले में उसकी मां की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि हमले में कई घर नष्ट हो गए और अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। शहर के मेयर इहोर तेरेखोव ने रविवार को बताया कि खार्किव के एक औद्योगिक इलाके में रूसी ड्रोन के हमले से नौ लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय गवर्नर विताली दियाकिवनिच ने बताया कि शनिवार देर रात, मध्य यूक्रेन के पोल्टावा क्षेत्र के क्रेमेनचुक शहर में एक रूसी ड्रोन ने एक अपार्टमेंट इमारत के प्रांगण में हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।

यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने रात भर में यूक्रेन पर 140 ड्रोन दागे। रविवार को जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 101 को मार गिराया गया या बेअसर कर दिया गया। रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि मॉस्को ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले करके आने वाले ठंड के मौसम में और बढ़त हासिल करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते रूसी हमलों ने विन्नित्सिया, किरोवोहराद, रिव्ने, खार्किव और ओडेसा क्षेत्रों में सबस्टेशनों को निशाना बनाया है। एक अलग पोस्ट में, ज़ेलेंस्की ने रविवार को कहा कि यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी ने उन्हें रूस के आगे के हमलों की योजनाओं, और उसके मिसाइल उत्पादन तथा भंडारण के बारे में जानकारी दी है। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रात भर में रूस के 19 क्षेत्रों और रूस के कब्जे वाले क्रीमिया के ऊपर 1,017 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया।

मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि कुल कितने ड्रोन भेजे गए थे या उनमें से कितने अपने लक्ष्य तक पहुंचे। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को बताया कि रूस के बेलगोरोद सीमावर्ती क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

प्रमुख खबरें

परिसीमन से बिना वोट बदले प्रभावित हो सकते हैं चुनाव नतीजे: Yogendra Yadav

Gorakhpur में Yogi Adityanath ने विकास कार्यों की समीक्षा की, तय समय पर काम पूरा करने का आदेश

Congress सांसद K Sudhakaran को Dubai अस्पताल से मिली छुट्टी, संसद सत्र के लिए Delhi रवाना

हाथरस में रिश्वत के समर्थन का Congress का आरोप, मंत्री Baby Rani Maurya ने किया खंडन