By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने रविवार को चेतावनी दी कि प्रस्तावित परिसीमन की प्रक्रिया के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में इस तरह बदलाव किया जा सकता है, जिससे चुनाव के नतीजे प्रभावित हों। यादव ने कहा कि ऐसा करने से किसी राजनीतिक दल को वोट में कोई बदलाव हुए बिना भी चुनाव में फायदा मिल सकता है। सोमवार को लोकसभा की विशेष बैठक से पहले ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि यह प्रक्रिया भारत के चुनावी लोकतंत्र के स्वरूप को बुनियादी रूप से बदल सकती है।
उन्होंने चुनावों में राजनीतिक हस्तक्षेप रोकने के लिए सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की। यादव ने कहा, ‘‘परिसीमन के जरिये भारत के चुनावी लोकतंत्र की पूरी संरचना को खत्म किया जा रहा है और उसे पूरी तरह बदला जा रहा है।’’ उन्होंने कहा कि परिसीमन के तहत तीन बड़े फैसले लिए जाते हैं- राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नये सिरे से निर्धारण और अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी) तथा महिलाओं के लिए सीटों का आरक्षण। यादव ने कहा कि इन तीनों ही मामलों में राजनीतिक हेरफेर की आशंका है।
चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव से चुनाव नतीजों पर पड़ने वाले असर को समझाने के लिए यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल से जुड़े नतीजों पर आधारित कंप्यूटर सिमुलेशन पेश किया। इसे येल विश्वविद्यालय के प्रतीक महाजन और हार्वर्ड विश्वविद्यालय की एक टीम की मदद से तैयार किया गया था। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की 42 सीट में से 18 पर जीत हासिल की थी, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 22 सीट मिली थीं।
कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने एक-एक सीट जीती थी। यादव ने कहा कि यदि सीटों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाए और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं निष्पक्ष तरीके से तय की जाएं, तो सिमुलेशन के मुताबिक भाजपा को 28 और तृणमूल कांग्रेस को 33 सीट मिल सकती हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि यही प्रक्रिया भाजपा के पक्ष में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करके की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी दो निर्वाचन क्षेत्रों की आबादी में 10 प्रतिशत से अधिक का अंतर न हो, तो भाजपा की अनुमानित सीट बढ़कर 36 हो सकती हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस की सीट घटकर 27 रह सकती हैं।
यादव ने कहा, ‘‘एक भी वोट इधर से उधर नहीं हुआ। लोगों ने बिल्कुल उसी तरह मतदान किया। सिर्फ निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से बंगाल में भाजपा को आठ अतिरिक्त सीट मिल जाती हैं।’’ यादव ने इसके उलट एक और सिमुलेशन भी पेश किया, जिसमें निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में तय की गई थीं।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में भाजपा की सीट घटकर 17 रह सकती हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस 46 सीट जीत सकती है। यादव ने कहा कि यह सिमुलेशन ‘जेरिमैंडरिंग’ के खतरे को दर्शाता है। ‘जेरिमैंडरिंग’ का अर्थ किसी खास राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में हेरफेर करना है।
उन्होंने असम में 2023 में हुए परिसीमन का भी हवाला दिया। यादव ने आरोप लगाया कि वहां निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह पुनर्निर्धारित की गई थीं, जिससे यह साबित होता है कि इस तरह की राजनीतिक हेरफेर महज सैद्धांतिक आशंका नहीं है। पारदर्शिता के लिए काम करने वाली कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज ने सवाल उठाया कि ये विधेयक इतनी जल्दबाजी में क्यों लाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसदों को इनकी प्रतियां केवल 27 नवंबर की रात को मिली थीं। भारद्वाज ने कहा, ‘‘ये विधेयक लोगों के सूचना पाने के अधिकार और उनसे परामर्श किए जाने के अधिकार का पूरी तरह उल्लंघन करते हुए लाए गए हैं।’’ राज्यसभा के पूर्व सदस्य जवाहर सरकार ने विधेयकों को पारित कराने के लिए सरकार के पास जरूरी संख्या बल होने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए दो-तिहाई बहुमत के रूप में करीब 358 से 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी।
उच्चतम न्यायालय के वकील प्रशांत भूषण ने आरोप लगाया कि सरकार विधेयकों के समर्थन में सांसदों को जुटाने के लिए कौटिल्य की राजनीति के ‘साम, दाम, दंड, भेद’ का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दल-बदल के मामलों में फैसले लेने में होने वाली देरी ने दल-बदल को बढ़ावा दिया है।