By रेनू तिवारी | Nov 23, 2026
विशाखापत्तनम में आयोजित आसियान-भारत समुद्री सम्मेलन (ASEAN-India Maritime Conclave) को संबोधित करते हुए आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्री नारा लोकेश ने सोमवार को दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी बढ़ाने की राज्य की महत्वाकांक्षी योजना प्रस्तुत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंध्र प्रदेश बंदरगाहों के बीच संपर्क (पोर्ट कनेक्टिविटी), डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आसियान देशों के साथ मिलकर काम करना चाहता है।
मंत्री ने कहा कि राज्य एक प्रमुख समुद्री और औद्योगिक केंद्र (हब) के रूप में उभरने के लिए अपने बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे, विनिर्माण क्षेत्र और डिजिटल संपर्क सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा, हम बेहतर बंदरगाह संपर्क, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और कौशल विकास पर ध्यान देते हुए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी करना चाहते हैं। भारत के पूर्वी तट और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए लोकेश ने कहा कि कलिंगपत्तनम और मछलीपत्तनम जैसे प्राचीन बंदरगाहों के जरिये दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान होता था।
उन्होंने कहा कि सागरमाला, समुद्री भारत दृष्टिकोण 2030 और समुद्री अमृत काल दृष्टिकोण 2047 जैसे कार्यक्रमों से भारत के समुद्री क्षेत्र को नई गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जहाज निर्माण और समुद्री क्षेत्र को मजबूत करने के लिए करीब 70,000 करोड़ रुपये के पैकेज को भी मंजूरी दी है। इसमें 25,000 करोड़ रुपये का समुद्री विकास कोष शामिल है। लोकेश ने कहा कि भारत का मात्रा के लिहाज से 95 प्रतिशत व्यापार समुद्री मार्ग से होता है। ऐसे में आर्थिक वृद्धि के लिए बंदरगाहों का बुनियादी ढांचा और समुद्री संपर्क महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि 1,053 किलोमीटर लंबी तटरेखा वाला आंध्र प्रदेश अपनी समुद्री क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। मंत्री ने बताया कि विशाखापत्तनम बंदरगाह ने बीते वित्त वर्ष में 9.11 करोड़ टन माल की आवाजाही दर्ज की, जो करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि है। राज्य में संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए रामायपत्तनम, मुलापेटा, मछलीपत्तनम और काकीनाडा में चार नए बंदरगाह विकसित किए जा रहे हैं। राज्य ने दुगराजपत्तनम में करीब 30,000 करोड़ रुपये के निवेश से जहाज निर्माण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा है।
लोकेश ने बताया कि पिछले सप्ताह विशाखापत्तनम में बंदरगाह विस्तार, माल ढुलाई, विशेष टर्मिनल और जहाजों की मरम्मत से जुड़े करीब 7,500 करोड़ रुपये के पांच समुद्री समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने कहा, हमारा मुख्य लक्ष्य बंदरगाहों को उद्योगों से और उद्योगों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना है। लोकेश के मुताबिक, कृत्रिम मेधा (एआई) और डिजिटल प्रौद्योगिकी से बंदरगाहों के कामकाज में सुधार किया जा सकता है। इससे देरी कम होगी, सुरक्षा बढ़ेगी और माल ढुलाई अधिक सुगम होगी।
स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में सौर, पवन और पंप्ड स्टोरेज बिजली उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। राज्य हरित हाइड्रोजन और हरित अमोनिया का प्रमुख निर्यातक बनने का लक्ष्य भी रखता है।
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi