Cyclone Murasu से आंध्र प्रदेश में 2,484 करोड़ का नुकसान, CM Naidu ने मांगी मदद

चक्रवात मुरासु के कारण हुए भारी नुकसान के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने केंद्र से पुनर्वास कार्यों के लिए तुरंत आर्थिक मदद देने की अपील की है। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव चित्तरंजन दास के नेतृत्व में सात सदस्यीय केंद्रीय दल ने कई जिलों का दौरा कर क्षति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कम अंतराल में आए दो चक्रवातों और अल नीनो को इस तबाही की वजह बताया।
चक्रवात ‘मुरासु’ के कारण आंध्र प्रदेश को 2,484.43 करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान होने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को केंद्र सरकार से राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए तत्काल वित्तीय सहायता की मांग की। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव चित्तरंजन दास के नेतृत्व में सात सदस्यीय केंद्रीय टीम ने बापटला, पलनाडु, एलुरु और पूर्वी गोदावरी जिलों में लगभग 60 स्थानों का हाल ही में निरीक्षण करने के बाद, मुख्यमंत्री से डिजिटल माध्यम से मुलाकात की। नायडू ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “चक्रवात मुरासु ने आंध्र प्रदेश में भारी तबाही मचाई है, जिससे अनुमानित 2,484.43 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
हमने राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र से तत्काल वित्तीय सहायता मांगी है।” टीम ने क्षतिग्रस्त खेतों, नहरों, सड़कों और घरों का निरीक्षण किया, सुराप्पागुडेम में किसानों से बातचीत की, और रावुलापालेम में धान के खेतों, कोम्मू नहर, कुनाकलमरी में सिंचाई कार्यों तथा चिराला में मछली पकड़ने वाली नावों का जायजा लिया। उसने बोप्पुडी में घरों, बागवानी फसलों, खेतों और बत्तख पालन इकाइयों को हुए नुकसान का आकलन किया, साथ ही येदलापाडु और तुर्लापाडु के बीच जलादी धारा को पार करने वाली सड़कों का भी निरीक्षण किया गया। नायडू ने इस भारी नुकसान के लिए ‘अल नीनो’ की स्थितियों और कम समय के अंतराल में राज्य से दस्तक देने वाले दो चक्रवातों को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने बताया कि पहले ही एहतियाती कदम उठा लिए गए थे और बहाली का काम तुरंत शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर सड़क संपर्क, बिजली आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क बहाल कर दिए गए। साथ ही, उन्होंने बताया कि सरकार प्रभावित परिवारों के लिए फसल बीमा सहायता और अतिरिक्त राशन की व्यवस्था कर रही है।
अन्य न्यूज़














