शिवसेना की महिला कार्यकर्ताओं ने मुंबई की सड़कों से अवैध पुतले हटाए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 23, 2019

मुंबई। शिवसेना की महिला शाखा की कार्यकर्ताओं ने मुंबई की कुछ सड़कों और दुकानों से अवैध पुतले (मैनकिन) हटाए। दरअसल बृह्नमुंबई नगर निगम ने हाल ही में कपड़ों की दुकान चलाने वाले दुकानदारों से कहा था कि वह नगर निकाय की अनुमति के बिना अधोवस्त्र पहने पुतले नहीं लगाए। नगर निगम के इस आदेश के बाद महिला कार्यकर्ताओं ने यह कदम उठाया है। शिवसेना की स्थानीय इकाई की कम से कम 30 महिला कार्यकर्ता शनिवार को विले पार्ले इलाके की कुछ सड़कों पर गईं और उन्होंने पेड़ों पर लटकाए गए और दुकाने के बाहर लगे इस प्रकार के पुतलों को हटा दिया।

इसे भी पढ़ें: चव्हाण ने भाजपा-शिवसेना कार्यकर्ताओं पर चारा शिविरों के लिए जारी अनुदान को लूटने का आरोप लगाया

उन्होंने दावा किया कि अद्योवस्त्रों के इस प्रकार से प्रदर्शन से महिलाएं असहज महसूस करती हैं। विले पार्ले क्षेत्र में शिवसेना कार्यकर्ता रजनी मिस्त्री ने कहा, ‘‘इससे सड़कों पर निकलने वाले बच्चों का भी बेवजह इन पर ध्यान जाएगा।’’ पार्टी की अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि दुकान के नाम से पता चल जाता है कि वहां किस प्रकार के कपड़े मिलते हैं, इसके लिए अद्योवस्त्रों का खुलेआम प्रदर्शन जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थानीय इकाई की महिला कार्यकर्ता शहर के अन्य हिस्सों में इस प्रकार की कार्रवाई करेंगी।