Shubhendu Adhikari ने राजभवन के बाहर धरना दिया, कहा-वास्तविक मतदाता उपचुनाव में मतदान नहीं कर सके

By Prabhasakshi News Desk | Jul 14, 2024

कोलकाता । भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेन्दु अधिकारी ने रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीट पर हाल में हुए उपचुनाव में हजारों वास्तविक मतदाताओं को अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं करने दिया। राज्य में चुनाव बाद झड़पों के मुद्दे पर रविवार को कोलकाता में राजभवन के बाहर धरना देने वाले अधिकारी ने कहा कि वह ऐसे 100 मतदाताओं को राजभवन लाएंगे और उनसे निर्वाचन आयोग में औपचारिक शिकायत करने के लिए कहेंगे। आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने कहा कि हर चुनाव में पश्चिम बंगाल के लोगों द्वारा भाजपा को बार-बार खारिज किए जाने से अधिकारी जैसे नेताओं में निराशा पैदा हुई है। 

अधिकारी की याचिका के बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भाजपा को राजभवन के बाहर चार घंटे तक धरना देने की अनुमति दी थी। भाजपा नेता ने एक उदाहरण दिया था कि तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पिछले साल पांच अक्टूबर को उसी स्थान पर इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया था। अधिकारी ने कहा कि भाजपा 21 जुलाई के दिन को ‘लोकतंत्र के मृत्यु दिवस’ के रूप में मनाएगी। 

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने राज्य में 2011 में सत्ता संभालने के बाद असहमति को दबा दिया है और लोकतांत्रिक सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। वर्ष 1994 से तृणमूल कांग्रेस 21 जुलाई के दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाती है। तृणमूल नेता कुणाल घोष ने कहा कि 21 जुलाई सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि बंगाल के करोड़ों तृणमूल समर्थकों की भावनाओं से जुड़ी एक तारीख है। इक्कीस जुलाई 1993 को पुलिस की गोलीबारी में युवा कांग्रेस के 13 कार्यकर्ता मारे गए थे। उस समय माकपा के नेतृत्व वाला वाम मोर्चा सत्ता में था और ममता बनर्जी कांग्रेस में थीं। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुखद है कि कैसे भाजपा उन पीड़ित परिवारों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का अनादर कर रही है, जिन्होंने उन दिनों माकपा के अत्याचारों और आतंक का सामना किया था। विरोध के दिन के रूप में 21 जुलाई को चुनकर अधिकारी जैसे नेता अपनी सोच का दिवालियापन दिखा रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Gold price today: RBI के कदमों से डॉलर के सामने मजबूत हुआ रुपया, Gold Price में ₹760 की गिरावट

क्या मारपीट के बाद Bigg Boss 20 से बाहर हो गए वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट Nakul Dhull? जानिए घर के अंदर क्या हुआ पूरा मामला

Solo International Trip: Solo Trip के लिए Asia के ये 3 देश हैं बेस्ट, कम बजट में घूमें Vietnam और Malaysia

11 वर्षीय Atika Mir को Kart Republic ने अनुबंधित किया, संवरेगा रेसिंग करियर