CBI छापे के बाद सिसोदिया का ऐलान, मोदी बनाम केजरीवाल होगा 2024 का लोकसभा चुनाव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 20, 2022

नयी दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने आवास पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के छापे के एक दिन बाद शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार डरी हुई है क्योंकि अरविंद केजरीवाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘राष्ट्रीय विकल्प’’के तौर पर उभर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘‘वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बनाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी(आप) बनाम भाजपा होगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि छापेमारी की कार्रवाई आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को रोकने के लिए हथकंडा है। यहां शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा, ‘‘सीबीआई या ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) अगले तीन-चार दिनों में उन्हें गिरफ्तार कर सकते हैं, लेकिन ‘‘मैं कहना चाहता हूं कि हम भयभीत नहीं हैं, हम भगत सिंह के अनुयायी हैं।’’ सिसोदिया ने कहा कि भाजपा की चिंता भ्रष्टाचार नहीं है बल्कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाना बना रही है जिनके द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए काम की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है और इसीलिए सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी हुई। आप नेता ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘‘विवक्षी सरकारों को पदच्युत करने के लिए सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल करने से उब चुकी है और वर्ष 2024 में केजरीवाल को मौका देना चाहती है।’’ 

इसे भी पढ़ें: 'त्यागी समाज' के आक्रोश की अनदेखी भाजपा को पड़ सकती है भारी

सिसोदिया के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने आरोप लगाया कि ‘‘शराब घोटाले’’के केजरीवाल ‘‘सरगना’’ हैं। भाजपा ने यह आरोप इस पूरे मामले में सिसोदिया का नाम बतौर आरोपी शामिल किए जाने के बाद लगाया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि ‘आप’ घोटाले से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में सीबीआई की कार्रवाई पर राजनीति कर आप ध्यान भटका रही है जबकि ‘‘ उसका असली चेहरा सभी के सामने आ गया है।’’ संवाददाता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि छापेमारी की कार्रवाई‘‘केजरीवाल को रोकने की पटकथा का हिस्सा था जो राष्ट्रीय विकल्प के तौर पर उभरे हैं।’’ सिसोदिया ने दावा किया कि इन लोगों (केंद्र सरकार) को घोटाले की चिंता नहीं है, इन लोगों की चिंता अरविंद केजरीवाल हैं, जिनसे जनता प्यार करती है और जो ‘राष्ट्रीय स्तर पर एक विकल्प’ के रूप में उभरे हैं, खासतौर पर पंजराब विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली जीत के बाद। उन्होंने दावा किया, ‘‘पहले स्वास्थ्य विभाग संभाल रहे सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया और मुझे भी कुछ दिनों में गिरफ्तार किया जा सकता है।’’ गौरतलब है कि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री रहे जैन को प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन के आरोप में इस साल मई में गिरफ्तार किया था। उपमुख्यमंत्री ने शुक्रवार को उनके आवास पर की गई छापेमारी की कार्रवाई का संदर्भ देते हुए कहा , ‘‘मेरे परिवार को कोई असुविधा न होने देने के लिए उनका आभार जताना चाहता हूं। वे अच्छे अधिकारी हैं, लेकिन उन्हें छापे मारने के लिए ऊपर से आदेश मिले हैं।’’ सिसोदिया ने आबकारी नीति 2021-22 को ‘सबसे अच्छी नीति’ बताया और कहा कि इसके क्रियान्वयन में ‘कुछ गलत नहीं’ हुआ, बल्कि यह आप नेतृत्व को डराने की एक साजिश है। उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता है, जिन्हें जनादेश मिला है। केजरीवाल और मोदी में फर्क यह है कि केजरीवाल गरीब लोगों के बारे में सोचते हैं और मोदी अपने चुनिंदा मित्रों की फिक्र करते हैं।’’ 

प्रमुख खबरें

Meta की Mega Deal: CRED में 8,550 करोड़ का निवेश, Kunal Shah संभालेंगे WhatsApp की कमान

मुकेश अंबानी का Jio और NSE ला रहे Mega IPO, Stock Market में 60 हजार करोड़ की हलचल

Tata Motors का EV सेक्टर में बड़ा दांव, 3400 Commercial Vehicles का मिला बंपर ऑर्डर

Reliance का मास्टरस्ट्रोक! Jio IPO की खबर से Share Market में तूफ़ान, निवेशकों के खिले चेहरे।